
BIHAR:- नगर निकायों में कर्मचारियों का बनेगा सर्विस हिस्ट्री डेटा बेस, विभाग ने 24 घंटे में मांगा ब्योरा
पटना- 15 सितंबर। राज्य के सभी नगर निकायों में कार्यरत कर्मचारियों का अब अप-टू-डेट सर्विस हिस्ट्री डेटा बेस तैयार होगा। इसको लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग ने सख्त निर्देश जारी किया है। विभाग के इस आदेश के बाद नगर निकायों में हड़कंप मचा है। माना जा रहा है कि सरकार नगर निकायों में कर्मचारियों की वास्तविक स्थिति, रिक्त पदों और सेवा इतिहास को डिजिटल करने की तैयारी में है, ताकि पारदर्शिता लाई जा सके।
विभाग के अवर सचिव राजेश्वर राज द्वारा जारी निर्देश के अनुसार राज्य के सभी नगर निगम,नगर परिषद एवं नगर पंचायत में कार्यरत पदाधिकारियों व कर्मचारियों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराना होगा।
पत्र में कहा गया है कि सभी कर्मियों का नाम, पिता का नाम, पदनाम, आरक्षण कोटि, शैक्षणिक योग्यता, नियुक्ति की तिथि सहित अन्य सेवा संबंधी विवरण संलग्न प्रपत्र में भरकर 24 घंटे के अंदर विभाग को भेजना सुनिश्चित करें।



