
BIHAR:- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 52 किलोग्राम गांजा बरामद; तस्कर नेपाल की ओर भागे
मधुबनी-14 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर को बड़ी सफलता मिली है। वाहिनी की ‘C’ कंपनी पिपरौन के BOP दिघियाटोल के जवानों ने नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान 52 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
14 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 06:37 बजे BOP दिघियाटोल की चेक पोस्ट पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 287/21 से लगभग 70 मीटर भारत की ओर बेला गांव के निकट गश्त पर थी। इसी दौरान जवानों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को सिर पर काले कपड़े से ढका हुआ सामान लेकर आते देखा। रोकने का प्रयास करने पर दोनों व्यक्ति सीमा से सटे नाले में कूदकर नेपाल की ओर फरार हो गए। मौके पर छोड़े गए सामान की तलाशी लेने पर 52 किलो गांजा मिला। SSB ने Drug Detection Kit से जांच के बाद जब्त गांजे को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए हरलाखी थाना, जिला मधुबनी को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
48वीं वाहिनी के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



