
PM नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने रचा इतिहास, 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पर बनी वैश्विक सहमति: CM सम्राट
पटना-13 सितम्बर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता तथा ‘नई दिल्ली घोषणा-पत्र’ पर सर्वसम्मति का स्वागत किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया और बिहार के सत्तू और मखाना को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज दुनिया भारत का उदय देख रही है। भारत अब वैश्विक मुद्दों पर केवल अपनी बात रखने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली शक्ति के रूप में उभर रहा है। BRICS शिखर सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता ने इस भूमिका को और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी नेतृत्व की ऐतिहासिक मिसाल बनकर उभरा है। वैश्विक तनावों के बीच प्रधानमंत्री ने कुशल कूटनीति से सभी सदस्य देशों को एक मंच पर लाकर ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ पारित कराया। उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज बुलंद की, सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति पर जोर दिया और प्राचीन धरोहरों को मूल देशों में वापस लाने का संकल्प शामिल कराकर सांस्कृतिक संप्रभुता का सम्मान सुनिश्चित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि UNSC में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता के समर्थन से वैश्विक शासन में विकासशील देशों की भूमिका मजबूत होगी। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा का स्वागत करते हुए कहा कि आतंकवाद की फंडिंग, सीमा पार आवाजाही और सुरक्षित पनाहगाह के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था, WTO सुधार, संवाद व कूटनीति से संघर्ष समाधान, AI, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और न्यायपूर्ण ऊर्जा संक्रमण पर BRICS देशों का सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का बढ़ता प्रभाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है और विश्व पटल पर भारत को नेतृत्व गौरव दिलाने के लिए प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद।



