
MADHUBANI:- घोघरडीहा में नल जल योजना फेल, लोग दूषित पानी पीने को मजबूर,योजना में बड़ा घोटाला! : इं. गौरीशंकर यादव
मधुबनी- 12 सितंबर। जिले में हर घर नल जल योजना की जमीनी हकीकत बेहद खराब है। ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है। घोघरडीहा प्रखंड के बसुआरी, कोसी, भुतही सहित सभी पंचायतों के अधिकांश वार्डों में नलों से पानी नहीं आ रहा है और जहां आ रहा है, वह पीने लायक नहीं है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यक्रम प्रकोष्ठ) सह मिथलांचल संघर्ष समिति के अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि सरकार करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, लेकिन धरातल पर लोगों को शुद्ध पेयजल तक नसीब नहीं हो रहा है। घोघरडीहा प्रखंड के गांवों में योजना सिर्फ कागजों पर चल रही है। पंचायतों के अधिकांश वार्डों में महीनों से जलापूर्ति ठप है और जहां-कहीं पानी आ भी रहा है, उसकी गुणवत्ता इतनी खराब है कि वह पीने लायक नहीं है। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि जलापूर्ति से पहले पानी की लैब जांच तक नहीं कराई जा रही है। बिना जांच के ही दूषित, आयरन और आर्सेनिक युक्त पानी लोगों के घरों में भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह दूषित पानी पीने से लोग तरह-तरह की गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र में पेट दर्द, डायरिया, पीलिया, टाइफाइड, त्वचा रोग, किडनी संक्रमण और कैंसर जैसी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मजबूरी में लोग यही पानी पीने को विवश हैं। इं. यादव ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी संवेदकों और अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा अविलंब सभी वार्डों में शुद्ध जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। यदि जल्द ही पानी की गुणवत्ता की जांच कर शुद्ध जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो इस मुद्दे को लेकर बड़ा जन-आंदोलन किया जाएगा।



