
BIHAR;- बक्सर में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, डाक अधीक्षक समेत 3 हिरासत में
बक्सर – 08 सितंबर। जिले में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई से डाक विभाग में हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची सीबीआई की टीम ने बक्सर की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से जिला सर्किट हाउस में पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय लेनदेन से जुड़ी शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम बक्सर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। टीम ने प्रधान डाकघर में भी छापेमारी कर दस्तावेजों एवं अन्य रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से वित्तीय लेनदेन और शिकायत से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, मामले में सीबीआई की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



