
BIHAR:- मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, 2 यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर, 1 ड्राइवर की मौत, कई घायल
मुजफ्फरपुर- 02 सितंबर। मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। औराई थाना क्षेत्र के बदौल ओपी इलाके में दो यात्री बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही औराई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटाकर NH पर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।



