
नेपाल की मदद को आगे आया सखी बहिनपा मैथिलानी समूह, PM कोष में जमा किए 4 लाख नेपाली रुपये
मधुबनी- 02 सितंबर। नेपाल में उत्पन्न दुखद और कठिन परिस्थिति के बीच मधुबनी के सखी बहिनपा मैथिलानी समूह ने मानवता और भारत-नेपाल के आत्मीय संबंधों की मिसाल पेश की है। समूह की अध्यक्ष आरती झा के नेतृत्व में समूह की ओर से चार लाख नेपाली रुपये प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में जमा किए गए हैं। इसकी जानकारी मधुबनी प्रभारी छाया मिश्रा ने दी। समूह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सखी बहिनपा की सभी सदस्याएं नेपाल के साथ मजबूती से खड़ी हैं। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं, जिसे अक्सर ‘बेटी और रोटी’ के संबंध के रूप में जाना जाता है। ऐसे में नेपाल के प्रति सहयोग व्यक्त करना समूह अपना सामाजिक दायित्व मानता है।
छाया मिश्रा ने बताया कि यह राशि किसी एक व्यक्ति का योगदान नहीं, बल्कि समूह की सभी मातृशक्ति सदस्यों के आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता से जुटाई गई है। इस पहल के माध्यम से समूह ने विपदा की घड़ी में नेपाल के लोगों के प्रति एकजुटता और भाईचारे का संदेश दिया है।



