
मधुबनी स्टेडियम पर पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने खेल सचिव को लिखा पत्र, 3 बड़े सुधारों की मांग
मधुबनी- 02 सितंबर। मधुबनी शहर में निर्माणाधीन स्टेडियम को लेकर पूर्व उद्योग मंत्री और पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ ने खेल विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। पत्रांक 35/P/26 दिनांक 28/08/2026 के माध्यम से उन्होंने स्टेडियम के निर्माण में 3 महत्वपूर्ण सुधारों की मांग की है। पूर्व मंत्री ने पत्र में लिखा है कि उनके द्वारा वर्ष 2003 से लेकर 2025 तक दर्जनों बार प्रयास करने के बाद मधुबनी शहर के स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, जो अब पूर्ण होने को है। मधुबनी शहर में अवस्थित स्टेडियम का निर्माण कार्य दीर्घकालिक, टिकाऊ एवं व्यावहारिक हो सके इसके लिए तीन सुझाव पर अमल किया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री के तीन सुझाव में बताया गया है कि वर्तमान में सीटिंग गैलरी में सीमेंट पनिंग का कार्य किया जा रहा है। यह दर्शकों के बैठने के लिए आरामदायक नहीं है और खुले मौसम में टिकाऊ भी नहीं है। समय के साथ दरारें पड़ेंगी और उखड़ने की आशंका है। पूर्व मंत्री ने मांग की है कि सीमेंट की जगह सैंडस्टोन/पत्थर की फिनिश दी जाए, जो अधिक टिकाऊ, मौसमरोधी और सुंदर होगी। स्टेडियम के चारों ओर लगभग 15 फीट चौड़ी सड़क को पावर ब्लॉक से बनाने का प्रस्ताव है। पूर्व मंत्री ने आशंका जताई है कि भविष्य में अतिक्रमण पसंद लोग पावर ब्लॉक हटाकर निजी उपयोग में ले सकते हैं, जिससे सड़क की संरचना प्रभावित होगी।
उन्होंने स्वीकृत बजट में ही पावर ब्लॉक की जगह कंक्रीट सड़क बनाने की मांग की, जो अधिक टिकाऊ होगी। वर्तमान में स्टेडियम परिसर के चारों ओर उचित एवं पूर्ण चहारदीवारी नहीं है। अतिक्रमण का खतरा पहले से ही दिख रहा है। समय रहते उचित चहारदीवारी का निर्माण कर भूमि एवं संपत्ति को सुरक्षित किया जाए। उन्होंने सचिव से अपने स्तर से निरीक्षण कर सुझावों के अनुरूप प्रावधान करने का अनुरोध किया है।



