
MADHUBANI:- मंडल कारा में बंदी की मौत के बाद सदर अस्पताल में परिजन का हंगामा
मधुबनी, 11 अगस्त। बिहार में मधुबनी जिला के रामपट्टी स्थित मंडल कारा में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मोतरा गांव निवासी रौशन यादव के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ रहिका थाना क्षेत्र स्थित ननिहाल में रहता था।
घटना की खबर मिलते आक्रोशित परिवार ने मधुबनी सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले रहिका थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में रौशन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मृतक की बहन का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाकर उसके भाई को जेल भिजवाया था।
मृतक की बहन ने बताया कि रहिका थाना द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि इलाज के दौरान सदर अस्पताल मधुबनी में उसके भाई की मौत हो गई है। बहन के मुताबिक, वह बीते शनिवार को ही जेल में भाई से मिलने गई थी। तब उसने सब कुछ ठीक बताया था, लेकिन यह भी जिक्र किया था कि जेल के अंदर कुछ कैदियों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती है।
परिजनों का सीधा आरोप है कि जेल के अंदर पुलिसकर्मियों और कुछ अन्य कैदियों की मिलीभगत से साजिश रचकर रौशन की हत्या की गई है।
मृतक के गले पर फंदे का गहरा निशान है और शरीर के कई अंगों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों का संदेह और गहरा गया है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए कई सैंपल एकत्रित किए हैं।



