
बिहार
MADHUBANI:- फुलपरास थाना की बड़ी कार्रवाई, 18 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
मधुबनी- 06 अगस्त। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मधुबनी के फुलपरास थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त एक लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भुवन सिंह, निवासी सुगापट्टी,थाना फुलपरास के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।जानकारी के अनुसार फुलपरास थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध विदेशी शराब की एक खेप क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुगापट्टी स्थित डोमरा चौक के पास घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया।इसी दौरान एक लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से 18 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी भुवन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
फुलपरास थाना से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आरोपी को माननीय विशेष मद्यनिषेध न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।



