
फर्जी अधिवक्ता गिरफ्तार, सूरजपुर जिला न्यायालय में फर्जी तरीके से वकालत कर लोगों को बना रहा था ठगी का शिकार
नोएडा- 05 अगस्त। सूरजपुर थाना पुलिस ने बुधवार की शाम को एक फर्जी वकील को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से नोटरी प्रपत्र, मोहर और कूटरचित फर्जी प्रपत्र बरामद किया है। वह सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में फर्जी तरीके से वकालत कर लोगों से धन ऐंठ रहा था।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को न्यायालय में एक व्यक्ति के फर्जी वकील बनकर अवैध तरीके से धन अर्जित करने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद पुलिस ने वीर सिंह सिसौदिया निवासी ऊंचा अमीपुर गांव जारचा को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वो सूरजपुर कोर्ट में अधिवक्ता बनकर रहता था। वहां आने वाले लोगों को जमानत दिलाने और मुकदमें लड़ने का दावा करता था। इसी के नाम पर फर्जी व कूटरचित प्रपत्र तैयार कर फर्जी अधिवक्ता की मोहर लगाकर प्रपत्रों की नोटरी करता था। इससे अवैध धन अर्जित किया गया। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि वह वकील नहीं है, ना हीं उसने वकालत की पढ़ाई की है। उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।



