
MADHUBANI:- उत्पाद विभाग ने जुलाई माह में विशेष अभियान चलाकर 9,328 लीटर जब्त की शराब, 320 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
मधुबनी- 31 जुलाई। जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग ने जुलाई माह में एक बड़ा अभियान चलाकर विशेष सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब जब्त की गई है, साथ ही दर्जनों तस्करों और पियक्कड़ों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
उक्त बातें शुक्रवार को उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने लक्ष्य तक से विशेष बताचीत के क्रम में कहा। उनहोने कहा कि जुलाई महीने में उत्पाद विभाग की टीम ने मधुबनी जिले के 2690 स्थानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान कुल 325 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के तहत विभाग की टीम ने 7,328 लीटर देशी शराब और करीब 2,000 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कुल 320 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जिनमें 85 शराब तस्कर और 235 पियक्कड़ शामिल हैं। इसके अलावा तस्करी के खेल में इस्तेमाल किए जा रहे 45 वाहनों को भी जब्त किया गया है। जिनमें चार पहिया,तीन पहिया और दो पहिया वाहन शामिल हैं।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूरे बिहार सहित मधुबनी जिले में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसका पालन मधुबनी जिले में हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध शराब के कारोबार या सेवन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उत्पाद विभाग का यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



