
MADHUBANI:- सदर अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद परिजन का हंगामा
मधुबनी-27 जुलाई। सदर अस्पताल में सोमवार को 11 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। करीब एक घंटे तक चले इस बवाल से अस्पताल परिसर में अफरत-तफरी का माहौल कायम रहा। मृतक बच्चे की पहचान झंझारपुर थाना क्षेत्र के तमोरिया गांव निवासी शंकर ठाकुर के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।
घटना के दौरान उग्र परिजनों ने अस्पताल में रखी गार्ड की कुर्सियां, मरीजों के बैठने वाले चेयर और परिसर में लगे पौधे के गमले तोड़ डाले। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन शुरू की। मासूम मृतक के पिता शंकर ठाकुर ने बताया कि रविवार की शाम बच्चे के शरीर पर अचानक बाइक गिर गई थी, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया था। परिजन उसे सोमवार सुबह 10 बजे सदर अस्पताल लेकर आए थे।
पिता का आरोप है कि बच्चा पूरी तरह ठीक था और बातचीत कर रहा था, लेकिन डॉक्टरों की घोर लापरवाही के कारण शाम 4 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में देरी और अनदेखी का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। दूसरी ओर, डॉक्टरों ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चे की स्थिति बेहद नाजुक थी और उसका इलाज मुस्तैदी से किया जा रहा था। डॉक्टरों के अनुसार, इलाज के दौरान ही परिजन उसे जबरदस्ती डिस्चार्ज कराकर घर ले जाना चाह रहे थे। स्थिति बिगड़ने पर बच्चे ने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



