
PATNA:- राष्ट्रीय वैश्य महासभा की पंचायत से बूथ तक विस्तार का ऐलान, ‘वैश्य समाज समन्वय समिति, बिहार’ का हुआ गठन
पटना – 25 जून। राष्ट्रीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में पटना के स्काडा बिजनेस सेंटर में गुरुवार को वैश्य समाज को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वैश्य समाज को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से महासभा के बैनर तले ‘वैश्य समाज समन्वय समिति, बिहार’ का गठन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 56 उपजाति की सभी दीवारें गिराकर समाज की एकमात्र पहचान ‘हम सभी वैश्य हैं’ होगी। वहीं, राष्ट्रीय वैश्य महासभा ने एक वर्षीय कार्ययोजना 2026-27 की घोषणा की, जिसके तहत संगठन का विस्तार ‘टॉप टू बॉटम’ सिद्धांत पर ‘बॉटम अप’ आधार पर किया जाएगा। संगठन के संचालन के लिए 15 सदस्यीय संचालन समिति नीति और रणनीति तय करेगी, जिसके मार्गदर्शन में 101 सदस्यीय राज्य समन्वय समिति बिहार के सभी वर्गों और उपजातियों का प्रतिनिधित्व करेगी। समिति में 20 प्रतिशत युवा 35 वर्ष से कम आयु के तथा 20 प्रतिशत महिला भागीदारी अनिवार्य होगी। पदाधिकारियों का चयन ‘सेवा के अवसर’ के रूप में होगा, ‘सत्ता की कुर्सी’ के रूप में नहीं।
राज्य की 8387 पंचायतों में 5 सदस्यीय टीम का होगा गठन
वक्ताओं ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए बिहार के 9 प्रमंडलों में प्रमंडल प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। वे अपने-अपने प्रमंडल के जिलों का निरीक्षण कर प्रत्येक तिमाही प्रगति रिपोर्ट राष्ट्रीय वैश्य महासभा की संचालन समिति को सौंपेंगे। राज्य के 38 जिलों में जिला प्रभारी एवं सहायक जिला प्रभारी नियुक्त होंगे। दोनो मिलकर अपने जिले में 25 सदस्यीय जिला टीम का गठन करेंगे। जिला स्तर पर प्रत्येक माह सम्मेलन, महापुरुषों की जयंती एवं सांस्कृतिक आयोजन कर संगठन को सक्रिय रखा जाएगा। प्रखंड स्तर पर 534 ‘वैश्य मित्र मंडल’ का गठन होगा। यह पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार का कार्य करेंगे। राज्य की 8387 पंचायतों में 5 सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा। जिसमें अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, युवा प्रभारी एवं महिला प्रभारी सम्मिलित होंगे। संगठन का लक्ष्य बूथ स्तर तक पहुंचना है। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 1 ‘वैश्य संपर्क मित्र’ नियुक्त होगा। वे घर-घर संपर्क कर वैश्य परिवारों का डेटा तैयार करेंगे। राष्ट्रीय वैश्य महासभा का लक्ष्य 12 माह के भीतर बिहार की सभी 8387 पंचायतों एवं बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार कर 28 लाख से अधिक वैश्य परिवारों को एक मंच पर लाना है।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर सभी जिलों में शुरु होगा वैश्य सहायता केंद्र’
वक्तओं ने कहा कि आगामी 12 माह का कैलेंडर तय किया गया। जुलाई-अगस्त 2026 में जिला टीमों का गठन एवं डेटा संग्रह कार्य होगा। सितंबर-अक्टूबर 2026 में महाराजा अग्रसेन जयंती पर प्रत्येक जिले में वैश्य सहायता केंद्र’ प्रारंभ होंगे। यह केंद्र शिक्षा, स्वास्थ्य एवं 5 एमएसएमई-मुद्रा लोन में सहायता देंगे। जनवरी-फरवरी 2027 में युवा सम्मेलन एवं ‘वैश्य स्टार्टअप मिशन’ लॉन्च होगा। मार्च-अप्रैल 2027 में शहीद डॉ. बृजबिहारी प्रसाद की पुण्यतिथि पर वैश्य समाज की एक प्रमुख समस्या को लेकर ‘संघर्ष’ अभियान चलाया जाएगा। मई-जून 2027 में पटना में वार्षिक समीक्षा सम्मेलन आयोजित कर 1 वर्ष के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सम्मेलन को पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक सह राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर कुमार महासेठ, प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता, कमल नोपानी, डा. पीके चौधरी, इं. सुंदर साहू, रमेश गांधी एवं अन्य विभिन्न संगठनों के वैश्य नेताओं ने संबोधित किया। मौके पर राजू गुप्ता, डॉ. अजय प्रकाश, हाकिम प्रसाद, शिवकुमार स्पंदन, नंदकिशोर पोद्धार, प्रिंस कुमार राजू, डॉ. कामेश्वर गुप्ता, नरेन्द्र लोहानी, शंभूनाथ केशरी, शिवकुमार गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।



