
MADHUBANI: पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने दिलाई स्वीकृति, एक साल बाद शुरु हुआ आरके कॉलेज-बूबना उद्यान सड़क निर्माण कार्य
मधुबनी- 12 जून। मधुबनी शहर के आरके कॉलेज मेन गेट से किशोरी लाल चौक, लोहरसारी चौक,संतुनगर चौक होकर बूबना उद्यान तक 2.10 किमी पीसीसी सड़क-नाला निर्माण का कार्यारम्भ पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेन्द्र द्वारा किया गया। दरअसल इस सड़क निर्माण का श्रेय पूर्व उद्योग मंत्री व पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ को जाता है।
बतादें कि साल 2025 में शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में पूर्व मंत्री समीर महासेठ के पहल पर आरके कॉलेज गेट से बूबना उद्यान तक पीसीसी सड़क, नाला निर्माण की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान किया गया था। सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण से जलनिकासी की सुविधा होगी।सड़क की चौड़ाई बढने से जाम की समस्या से राहत मिलेगी। लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा होगी।वहीं, लोहरसारी, संतुनगर क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सड़क बनने से इस मार्ग के आसपास स्थित दुकानों और छोटे व्यवसायों को फायदा होगा। व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ ने बताया कि इस योजना को प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया था। कार्य शुरू होने के बाद इसे 12 से 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिससे साल 2027 के अंत तक सड़क निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। पूर्व मंत्री ने बताया कि शहर के सिंघानिया चौक से स्टेडियम होते हुए सूड़ी हाई स्कूल तक 2.45 किमी लंबी सड़क निर्माण में तेजी लाने की जरूरत है।
इधर, इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से चहुंओर पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ की सराहना की जा रही है। रहिका सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद के वरीय नेता ब्रह्मानंद यादव ने बताया कि पूर्व मंत्री समीर महासेठ द्वारा नगर निगम व विधानसभा क्षेत्र के लिए जितनी योजनाओं को स्वीकृति दिलाई गई है उन सभी योजनाएं 5 साल में भी पूरा हो जाए तो मधुबनी की सूरत बदल जाएगी। यह बात अलग है कि पूर्व मंत्री द्वारा स्वीकृत योजनाओं का श्रेय लेने के लिए कई नेताओं में होड़ मची है।



