
NADHUBANI:- नगर निगम के पार्षदों के लिए 27 मई अहम, समिति सदस्य के लिए करेंगे वोटिंग
मधुबनी- 26 मई। नगर निगम के पार्षदों के लिए 27 मई काफी महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। इस दिन सभी पार्षद मतदान के माध्यम से सशक्त स्थाई समिति सदस्य को चुनेंगे।पार्षदों को आत्म मंथन के साथ मतदान करना होगा। उनके वोट से सशक्त स्थाई समिति का गठन होगा। फिर समिति के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र की तकदीर लिखी जाएगी। समिति का प्रभाव अगले दो साल तक होगा। पिछले तीन साल में सशक्त स्थाई समिति की बैठक में लिए गए निर्णय और उसे धरातल पर उतारने समीक्षा होगी।
इधर, पार्षदों को अपने-अपने खेमा में लाने की कसरत मंगलवार की देर रात तक चलने की उम्मीद है। बता दें कि नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति सबसे महत्वपूर्ण होता है। यह समिति नगर निगम की वित्तीय, प्रशासनिक और विकास से जुड़े बड़े और नीतिगत फैसले लेने के लिए अधिकृत होती है। नगर निगम के आय-व्यय का वार्षिक बजट तैयार करना, उसे बोर्ड की बैठक में मंज़ूरी के लिए पेश करना। शहर में सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट और अन्य निर्माण कार्यों के लिए टेंडर पास करना, विकास योजनाओं को लागू करना, राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करना और वित्तीय मामलों पर अंतिम मुहर लगाना होता है।
बतादें कि पहले समिति सदस्य का मनोनयन मेयर द्वारा किया जाता था। अब मनोनयन के प्रावधान को खत्म कर इसके सदस्यों का चुनाव वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान के माध्यम से बहुमत के आधार पर होना है। जिससे समिति की निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता, लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित होगी है।



