
बॉक्स ऑफिस पर ‘चांद मेरा दिल’ की रफ्तार बढ़ी—
अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की रोमांटिक फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ ने सिनेमाघरों में अपने पहले वीकेंड के 3 दिन पूरे कर लिए हैं। शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत करने वाली इस फिल्म की कमाई में रविवार को हल्का उछाल देखने को मिला। वहीं आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ पहले से बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है, लेकिन इसके कारोबार में अब खास बढ़त नजर नहीं आ रही। दूसरी ओर मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ और सूर्या की ‘करुप्पू’ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
तीसरे दिन ‘चांद मेरा दिल’ ने दिखाई रफ्तार—
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘चांद मेरा दिल’ ने पहले दिन 3 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की थी। दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 3.75 करोड़ रुपये पहुंची। वहीं रविवार को फिल्म ने 4.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 11.10 करोड़ रुपये हो गया है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिश्रित लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
‘पति पत्नी और वो दो’ की कमाई पड़ी धीमी—
आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी अभिनीत ‘पति पत्नी और वो दो’ की कमाई अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन यानी रविवार को 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 36.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अब पहले जैसा असर नहीं दिखा पा रही है।
‘दृश्यम 3’ और ‘करुप्पू’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा—
उधर मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने चौथे दिन 13.95 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 54.55 करोड़ रुपये हो गया है। दूसरी ओर सूर्या की तमिल फिल्म ‘करुप्पू’ ने भी जबरदस्त प्रदर्शन जारी रखा है। फिल्म ने 10वें दिन 16.74 करोड़ रुपये कमाए और अब तक कुल 148.55 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। ‘करुप्पू’ की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म जल्द ही 150 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी।



