
‘तेरा यार हूं मैं’ की नई रिलीज डेट आई सामने
निर्देशक मिलाप जावेरी की आगामी रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ‘तेरा यार हूं मैं’ की रिलीज तारीख में बदलाव कर दिया गया है। फिल्म के जरिए निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे अमन इंद्र कुमार बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। उनके साथ अभिनेत्री आकांक्षा शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। पहले यह फिल्म 22 मई 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब निर्माताओं ने इसकी नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘तेरा यार हूं मैं’ अब 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट आगे बढ़ने के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन इस फैसले से 22 मई को रिलीज हो रही अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ को बॉक्स ऑफिस पर फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दोनों फिल्मों के बीच होने वाला सीधा मुकाबला अब टल गया है।
यह फिल्म प्यार, दर्द और संघर्ष से भरी एक भावनात्मक कहानी पर आधारित बताई जा रही है। मिलाप जावेरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में परेश रावल भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है, खासकर इसलिए क्योंकि इससे अमन इंद्र कुमार अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।



