
कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
तिरुवनंतपुरम- 18 मई। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के विधायक दल के नेता वडास्सेरी दामोदरन सतीशन (वीडी सतीशन) ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सतीशन के साथ 20 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित समारोह में कांग्रेस नेता सतीशन और उनके 20 मंत्रियों को पद एवं गोपनीतया की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले मंत्रियों में कांग्रेस के 11 और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के पांच विधायक शामिल हैं। इसके अलावा यूडीएफ के घटक दलों- केरल कांग्रेस-जोसेफ, क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी (आरएसपी), केरल कांग्रेस-जैकब और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक-एक विधायक को मंत्री बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि केंद्र सरकार केरल की नई सरकार को जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने सतीशन के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक राजीव चंद्रशेखर मौजूद रहे।
इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, आईयूएमएल के प्रदेश अध्यक्ष सय्यद सादिक अली शिहाब थंगल और केरल कांग्रेस के नेता पीजे जोसेफ समेत कई प्रमुख नेता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कांग्रेस से जिन विधायकों को मंत्री बनाया गया है उनमें रमेश चेन्निथला, सनी जोसेफ, के मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम लिजू, टी सिद्दीकी, केए थुलसी, ओजे जनीश शामिल हैं। आईयूएमएल से शपथ लेने वाले विधायकों में पीके कुन्हालीकुट्टी, केएम शाजी, वी अब्दुल गफूर, एन शम्सुद्दीन और पीके बशीर शामिल हैं। इसके अलावा केरल कांग्रेस-जोसेफ के मॉन्स जोसेफ, आरएसपी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस-जैकब के अनूप जैकब और माकपा के सीपी जॉन को मंत्री बनाया गया है।
सतीशन मंत्रिपरिषद में कुल 14 नए चेहरों को जगह दी गई है। खुद सतीशन भी पहली बार सरकार में किसी पद पर पहुंचे हैं। वह वर्ष 2001 से परवूर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मंत्रिपरिषध में दो महिला मंत्रियों और अनुसूचित जाति समुदाय के दो सदस्यों को भी शामिल किया गया है।
नई टीम में आईयूएमएल के एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर पहली बार मंत्री बने हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं पीसी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, केए तुलसी और ओजे जनीश को भी पहली बार मंत्रिपरिषद में स्थान मिला है।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सेंट्रल स्टेडियम खचाखच भरा रहा। जैसे ही मंत्रियों ने एक-एक कर शपथ ली, पूरा परिसर नारों और तालियों से गूंज उठा। राज्यभर से कांग्रेस और यूडीएफ समर्थकों के पहुंचने से यह समारोह एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल गया।
उल्लेखनीय है कि केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को हुआ था, जबकि परिणाम चार मई को घोषित किए गए थे। चुनाव में यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 35 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा ने तीन सीटों पर जीत हासिल की।
यूडीएफ की इस निर्णायक जीत के साथ राज्य में एक दशक बाद सत्ता परिवर्तन हुआ है। अब नई सरकार के सामने राज्य की आर्थिक स्थिति, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर काम करने की बड़ी चुनौती होगी।



