
MADHUBANI:- मॉडल सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था खुद बीमार
मधुबनी- 01 अप्रैल। मॉडल सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था खुद बीमार पड़ गई है। अस्पताल के नाम के आगे मॉडल शब्द तो जुड़ा है, लेकिन यहाँ की हकीकत बेहद डरावनी और चिंताजनक है। अस्पताल में मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं हैं, और जो इक्का-दुक्का मौजूद हैं, उनकी स्थिति ऐसी है कि उन पर लेटना किसी हादसे को निमंत्रण देने जैसा है। अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के बाहर का नजारा स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता को उजागर करता है। वर्तमान में यहाँ एक ही मुख्य स्ट्रेचर कार्यरत है, जिसका एक तरफ का चक्का पूरी तरह टूटकर गायब हो चुका है। इसी जर्जर स्ट्रेचर पर मरीजों को एम्बुलेंस से उतारकर अंदर ले जाया जाता है। इस दौरान मरीज और उनके परिजन खौफ के साए में रहते हैं कि कहीं संतुलन बिगड़ने से वे नीचे न गिर जाएं और स्थिति गंभीर न हो जाए।
अस्पताल में कुव्यवस्था का आलम यह है कि यहाँ स्ट्रेचर बॉय का भारी अभाव है। गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को उनके साथ आए परिजन खुद ही गोद में उठाकर या दो-तीन लोगों के सहयोग से इमरजेंसी वार्ड तक ले जाने को मजबूर हैं। जब मरीजों की संख्या बढ़ जाती है, तो लंबी कतारें लग जाती हैं। एक स्ट्रेचर के खाली होने का इंतजार करना कई बार मरीज की जान पर भारी पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार जिले के सिविल सर्जन को इस बदहाली की पूरी जानकारी है। वे महीने में कई बार अस्पताल का निरीक्षण भी करते हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। निरीक्षण के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है, जबकि धरातल पर मरीज और उनके परिजन इस भीषण अव्यवस्था को झेलने के लिए अभिशप्त हैं। स्थिति केवल एक दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। मॉडल अस्पताल का टैग केवल कागजों तक सीमित रह गया है।



