
MADHUBANI:- श्रीकृष्ण सदन में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, संजीव मिश्रा ने किया झंडोत्तोलन
मधुबनी- 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शहर के वाटसन स्कूल के सामने स्थित ऐतिहासिक श्रीकृष्ण सदन परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। यहां अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के बैनर तले झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित युवाओं को संबोधित किया।
अपने जोशीले संबोधन में संजीव मिश्रा ने कहा कि श्रीकृष्ण सदन परिसर महान स्वतंत्रता सेनानी राम लखन मिश्र का निवास स्थल रहा है। आजादी की लड़ाई के दिनों में यहां इलाके के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानियों का आना-जाना लगा रहता था। यह परिसर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि हमारे संघर्ष और बलिदान की जीवंत गाथा है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लें और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान दें। आजादी हमें आसानी से नहीं मिली, इसलिए इसकी रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।
बता दें कि राम लखन मिश्र मधुबनी क्षेत्र के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी थे। ब्रिटिश काल में उनके आवास श्रीकृष्ण सदन में स्वतंत्रता आंदोलन की कई गुप्त बैठकें हुई थीं। इस कारण यह परिसर क्षेत्र के क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का केंद्र माना जाता है।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी के उत्तराधिकारी राजकुमार यादव, मनोज सिंह, भवनाथ झा, विपिन मिश्रा, सुबोध मिश्रा, आदर्श मिश्रा, अभिशांक मिश्रा, संजीता मिश्रा, सुगंधा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, समाजसेवी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में देशभक्ति गीतों और नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



