
मधुबनी पेंटिंग के कलाकारों को अब मिलेगा अधिकतक मेहनताना, मिथिला पेंटिंग-सह-ई-कॉमर्स पोर्टल का शुभारंभ
80 प्रतिशत तक की राशि सीधे कलाकार के खाते में पहुंचेगी
मधुबनी- 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मिथिला की विश्वप्रसिद्ध चित्रकला को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कलाकारों को व्यापक एवं प्रत्यक्ष बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन, मधुबनी की पहल पर मिथिला चित्रकला ई-कॉमर्स पोर्टल के प्रथम चरण का शुभारंभ मिथिला चित्रकला संस्थान सौराठ, मधुबनी में किया गया। पोर्टल का उद्घाटन सांसद संजय झा,बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती लेसी सिंह एवं जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

यह पहल जिलाधिकारी आनंद शर्मा की परिकल्पना एवं पहल के तहत मिथिला चित्रकला संस्थान,मधुबनी को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने तथा मिथिला चित्रकला के कलाकारों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे बाजार एवं ग्राहकों से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। परियोजना के माध्यम से मिथिला चित्रकला की पारंपरिक कला को आधुनिक ई-कॉमर्स व्यवस्था से जोड़ते हुए कलाकारों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मिथिला चित्रकला ई-कॉमर्स पोर्टल:
madhubaniarts.bihar.gov.in
ई-कॉमर्स परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। प्रथम चरण में मिथिला चित्रकला संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को Seller के रूप में जोड़ा गया है। संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को निर्धारित गुणवत्ता परीक्षण के बाद पोर्टल पर ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रथम चरण के संचालन के उपरांत परियोजना का विस्तार करते हुए द्वितीय चरण में अन्य पात्र कलाकारों एवं Sellers को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इस प्रकार पोर्टल को आगे चलकर मिथिला चित्रकला के व्यापक कलाकार समुदाय के लिए डिजिटल बाजार के रूप में विकसित करने की योजना है।
गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए पद्मश्री सम्मानित सदस्यों की चार सदस्यीय समिति
पोर्टल की महत्वपूर्ण विशेषताओं में कलाकृतियों की गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने की व्यवस्था शामिल है। इसके लिए पद्मश्री सम्मानित सदस्यों की चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा बिक्री के लिए प्रस्तुत कलाकृतियों का निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा।
समिति से गुणवत्ता स्वीकृति प्राप्त होने के बाद ही कलाकृति को पोर्टल पर बिक्री के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पोर्टल पर उपलब्ध कलाकृतियों की गुणवत्ता एवं मिथिला चित्रकला की पारंपरिक पहचान को बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
ग्राहक को खरीदी गई कलाकृति के साथ मिथिला चित्रकला संस्थान द्वारा जारी Purity/Authenticity Certificate भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रमाण-पत्र संबंधित कलाकृति के Parcel में ही भेजा जाएगा। इससे ग्राहक को खरीदी गई कलाकृति की संस्थागत प्रामाणिकता का प्रमाण प्राप्त होगा।
80 प्रतिशत तक की राशि सीधे कलाकार के खाते में पहुंचेगी
ई-कॉमर्स पोर्टल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक प्रत्यक्ष कलाकार भुगतान व्यवस्था है। इस व्यवस्था में कलाकार और ग्राहक के बीच किसी मध्यस्थ की भूमिका नहीं होगी।
कलाकृति की बिक्री से निर्धारित प्रक्रिया के तहत 80 प्रतिशत तक की राशि सीधे संबंधित कलाकार के बैंक खाते में भेजा जाएगा। इससे कलाकारों को उनकी कलाकृतियों की बिक्री का प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
कलाकारों को उनकी कलाकृतियों की बिक्री एवं ऑर्डर से संबंधित अद्यतन जानकारी SMS/E-mail के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
ऑनलाइन प्रदर्शित होंगी प्रमाणित कलाकृतियां
पोर्टल पर गुणवत्ता परीक्षण में सफल कलाकृतियों की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीर, कलाकृति से संबंधित आवश्यक विवरण तथा कलाकार की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राहक पोर्टल पर उपलब्ध कलाकृतियों को देखकर अपनी पसंद के अनुसार उनका चयन एवं ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे।
मिथिला चित्रकला की विभिन्न पारंपरिक शैलियों में प्राप्त कलाकृतियों को पोर्टल पर वर्गीकृत किया जाएगा। इनमें कचनी, भरनी,कचनी-भरनी (मिश्रित),गोदना एवं तांत्रिक सहित अन्य शैलियां शामिल हैं।
प्रत्येक स्वीकृत कलाकृति को उसकी पहचान एवं ट्रैकिंग के लिए Unique Code उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। कलाकारों को भी विशिष्ट पहचान कोड प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है।
*पोर्टल के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली मिथिला चित्रकला के Live Video एवं Demonstration उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे कला-प्रेमियों को मिथिला चित्रकला की कला-प्रक्रिया एवं विशेषताओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा।*
Online Payment की सुविधा
ग्राहक पोर्टल के माध्यम से कलाकृतियों का ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे। भुगतान के लिए UPI, Online Banking सहित डिजिटल भुगतान माध्यमों को पोर्टल से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
पोर्टल के माध्यम से बिक्री से प्राप्त राशि को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संस्थागत खाते में प्राप्त किया जाएगा तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कलाकार के हिस्से की राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
भारतीय डाक के माध्यम से होगी कलाकृतियों की डिलीवरी
खरीदी गई कलाकृतियों को ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए Indian Post Service को ई-कॉमर्स पोर्टल से जोड़ने का प्रावधान किया गया है। कलाकृति के आकार के अनुसार निर्धारित Delivery Charge इस प्रकार है
*क्र. सं. कलाकृति का आकार वितरण शुल्क*
*1. A4/Post Card Size Painting ₹47*
*2. Half Size Painting* *(15×22 Inch) ₹93*
*3. Full Size Painting* *(30×22 Inch) ₹93*
कलाकृति के Parcel के साथ मिथिला चित्रकला* *संस्थान द्वारा जारी Purity/Authenticity Certificate भी उपलब्ध कराया जाएगा।
Return एवं Refund की स्पष्ट व्यवस्था
*ग्राहक को प्राप्त कलाकृति के क्षतिग्रस्त, दोषपूर्ण अथवा परिवर्तित अवस्था में होने की स्थिति में डिलीवरी प्राप्त होने के 2 कार्य दिवस के भीतर पोर्टल पर संबंधित ऑर्डर के विरुद्ध Return Request दर्ज करने की सुविधा होगी। Return Request के साथ कलाकृति की स्पष्ट तस्वीर एवं Return का कारण उपलब्ध कराना होगा।*
Return Request प्राप्त होने के बाद संस्थान द्वारा 2 कार्य दिवस के भीतर अनुरोध की जांच की जाएगी तथा नियमानुसार उसे स्वीकार अथवा अस्वीकार किया जाएगा। Return स्वीकृत होने के बाद ग्राहक द्वारा कलाकृति को भारतीय डाक के माध्यम से Speed Post द्वारा वापस भेजा जाएगा। Tracking Number एवं Receipt को पोर्टल पर Update करने की व्यवस्था होगी।
Return Order संस्थान को प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 3 से 5 कार्य दिवस के भीतर मूल भुगतान माध्यम से पूर्ण राशि एवं Return Delivery Charge वापस किए जाने का प्रावधान है।
Android एवं iOS Mobile Application भी विकसित होगा
पोर्टल को अधिक सुगम एवं व्यापक उपयोग के लिए Android एवं iOS आधारित Mobile Application विकसित करने का भी प्रावधान है। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले ग्राहक मोबाइल के माध्यम से मिथिला चित्रकला की कलाकृतियों को देख एवं खरीद सकेंगे।
पोर्टल के निर्माण एवं पूर्ण रूप से स्वचालित संचालन के लिए AI, ChatGPT एवं Blockchain जैसी आधुनिक तकनीकों की सुविधा को जोड़ने का भी प्रावधान किया गया है। पोर्टल को State Data Centre पर Host किए जाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
DM आनन्द शर्मा की पहल से परंपरा और तकनीक का समन्वय
मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा की पहल का उद्देश्य मिथिला चित्रकला को केवल एक स्थानीय कला के रूप में सीमित रखने के बजाय डिजिटल माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंचाना तथा कलाकारों को उनकी कला का प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से परियोजना में गुणवत्ता परीक्षण, संस्थागत प्रामाणिकता प्रमाण-पत्र, प्रत्यक्ष कलाकार भुगतान,ऑनलाइन भुगतान,व्यवस्थित डिलीवरी तथा Return/Refund जैसी सुविधाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है।
प्रथम चरण में मिथिला चित्रकला संस्थान के छात्र-छात्राओं को Seller के रूप में जोड़कर उन्हें अपनी कलाकृतियों को डिजिटल बाजार में प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। द्वितीय चरण में अन्य कलाकारों को जोड़कर इस व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा।
इस पहल से मिथिला चित्रकला के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण,बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने तथा मिथिला की पारंपरिक कला को व्यापक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।



