विश्व

ट्रंप का इरादा होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का, ईरान ने कहा, यह असंभव

न्यूयॉर्क/तेहरान- 15 अगस्त। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को यहां घोषणा की कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य को आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका का क्षेत्र घोषित करने का इरादा रखते हैं। उन्होंने ईरान के साथ गहराते संकट के बीच गार्डन सिटी स्थित नासाउ काउंटी पुलिस अकादमी में रिपब्लिकन गवर्नर पद के उम्मीदवार ब्रूस ब्लेकमैन के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्राथमिकता गिनाई। ट्रंप ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों की उत्साहित भीड़ से कहा कि यह भू-राजनीतिक कदम तेहरान के सैन्य समर्पण के बाद उठाया जाएगा।

वन अमेरिका न्यूज नेटवर्क और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने घोषणा की, “ईरान को बुरी तरह हराने के बाद मैं जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को संयुक्त राज्य अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर दूंगा।” उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी यह सुनिश्चित करती है कि वाशिंगटन की अनुमति के बिना कोई भी जहाज इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से न गुजर सके। राष्ट्रपति की यह घोषणा जुलाई के अंत में अप्रत्यक्ष राजनयिक बातचीत के विफल होने के बाद ट्रंप प्रशासन के सख्त रुख को भी दर्शाती है।

ईरानी अधिकारियों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रभुत्व के दावों को खारिज कर दिया। ईरान के उप विदेशमंत्री काजेम ग़रीबाबादी ने कहा कि यह असंभव है। तेहरान अमेरिका की धमकियों या सैन्य अभियानों से डरेगा नहीं। होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला या बंद रहना पूरी तरह से ईरान के अधिकार क्षेत्र में है।

गरीबाबादी ने कहा कि यह जलमार्ग ईरान का ही रहेगा और जब तक अमेरिका हार नहीं मान लेता, तब तक उसकी नाकाबंदी जारी रहेगी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि इस्लामाबाद एमओयू का मतलब युद्ध समाप्त करना था, ना कि युद्धविराम। अमेरिका ने इस समझौते का उल्लंघन किया और लड़ाई फिर से शुरू हो गई। इसलिए 60 दिन के युद्धविराम को आगे बढ़ाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने कहा है कि ईरान ने दुनिया के इतिहास की सबसे ज्यादा हथियारों से लैस अमेरिकी सेना को घुटनों पर ला दिया है। वाहिदी को हाल ही में सर्वोच्च नेता नियुक्त किया है।

इस बीच यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑर्गनाइजेशन ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल (हवा में छोड़ी गई चीज) से एक जहाज पर हमला हुआ है। बल्क कैरियर बताए जा रहे इस जहाज के निचले हिस्से (हल) पर शुक्रवार शाम हमला हुआ। रिपोर्ट में कहा गया है कि चालक दल के किसी भी सदस्य के हताहत होने की खबर नहीं है।

इस बीच ईरान के केंद्रीय सैन्य कमान ने अमेरिकी नौसेना की पूर्ण नाकाबंदी के दावों को मनगढ़ंत बताया है, लेकिन समुद्री एनालिटिक्स फर्मों के जहाज ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि सैन्य टकराव के बीच जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की संख्या युद्ध पूर्व स्तर के लगभग 20 फीसद तक गिर गई है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!