
JHARKHAND:- चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद सीनियर डीसीएम का तबादला
रांची- 26 मार्च। सीबीआई की ओर से घूसखोरी के मामले में चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद सीनियर डीसीएम सूची सिंह का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह श्रेया सिंह को सीनियर डीसीएम के पद पर पदस्थापित किया गया।
साउथ इस्टर्न रेलवे के कार्मिक अधिकारी की ओर से सूची सिंह के तबादले से संबंधित आदेश गुरुवार को जारी कर दिया गया। उन्हें रेलवे क्लेम ट्रिब्यूनल में पदस्थापित किया गया। इसी पद पर कार्यरत श्रेया सिंह को सीनीयर डीसीएम के पद पर पदस्थापित किया गया।
उल्लेखनीय है सीबीआई ने चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को बुधवार को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी 8.70 लाख रुपये के बिल के भुगतान के लिए ठेकेदार अजय त्यागी की शिकायत की जांच के बाद की गयी थी। सीबीआई ने शिकायत की जांच के दौरान सीनियर डीसीएम सूची सिंह के सिलसिले में मिली सूचना के आलोक में उनसे भी पूछताछ की। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन सीबीआई ने उनके फोन के कॉल डिटेल सहित उसमें दर्ज अन्य ब्योरे की जांच शुरू कर दी है।



