
MADHUBANI:- युवक का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी
मधुबनी- 26 मार्च। रहिका थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना क्षेत्र के मारर नहर के किनारे एक युवक का अधजला शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हत्या के तरीके और साक्ष्य मिटाने की कोशिश को देखकर स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हैं। मृतक की पहचान रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी राहुल चोधरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राहुल बुधवार की रात्रि चैती नवरात्रि का कार्यक्रम देख रहा था। चश्मदीदों और परिजनों का कहना है कि उसे गुरुवार तड़के करीब 3 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर देखा गया था। लेकिन सुबह होते ही नहर के किनारे उसका जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
घटनास्थल पर राहुल की बाइक भी पूरी तरह जली हुई अवस्था में पाई गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि राहुल की हत्या किसी रंजिश के तहत की गई है। अपराधियों ने केवल उसकी जान ली, बल्कि पहचान और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव और बाइक को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जगतपुर-रहिका मुख्य मार्ग को जामकर दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक राहुल चोधरी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर लूटपाट,मारपीट और कई अन्य संगीन धाराओं में मामले दर्ज थे। पिछले वर्ष चैती नवरात्रि के दौरान भी नजीरपुर गांव में राहुल के साथ मारपीट की घटना हुई थी। उस समय अपराधियों ने राहुल पर फायरिंग भी किया था। उक्त फायरिंग में उसके पैर में कई गोलियां लगी थी। पुलिस को आषंका है कि यह घटना पुरानी रंजिष का ही परिणाम हो सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। पुलिस फिलहाल निम्नलिखित बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा है। पुलिस यह पता लगा रही है कि राहुल हाल के दिनों में किन-किन अपराधियों के संपर्क में था। रहिका थाना पुलिस ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पुरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



