
हमारी सबसे बड़ी पहचान इंसानियत और मानवता की रक्षा : पंकज झा
मधुबनी- 15 मार्च। देश ही नहीं दुनिया भर के सभी राजनीतिक पार्टी कुर्सी की राजनीति करती है। पार्टी जनसेवा कम और वोट के लिए अधिक प्रयास करती है। राजनीतिक दल सत्ता के लिए समय-समय पर गिरगिट की तरह रंग बदलती है। राजनीतिक दलों को अपनी पार्टी और कुर्सी चिंता पहले होती है। उक्त बातें युवा समाजसेवी पंकज झा ने कहीं।
सामाजिक विकास कार्यक्रम के मौके पर पंकज झा ने कहा कि राजनीतिक दलों के झांसे में आने की बजाय सामूहिक रूप से सामाजिक स्तर पर स्थानीय लोगों को समूह बनाकर समाज के विकास के लिए आगे आना चाहिए बुनियादी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार के प्रावधानों के तहत योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। सामाजिक, सांस्कृतिक स्तर पर होने वाले कार्यों का संपादन सामूहिक स्तर पर किया जाना चाहिए। बौद्धिक रूप से सक्षम लोगों को समाज के अन्य लोगों को सही मार्गदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को दी गई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ पूरा करना चाहिए। शिक्षा समाज परिवर्तन का मूल आधार है। सबसे बड़ी पहचान हमारी इंसानियत है।जाति-धर्म, ऊंच-नीच और भेदभाव से उपर उठकर मानवता की रक्षा के लिए आगे आना होगा। हमें दूसरे के दुख-दर्द को समझकर, प्रेम और भाईचारा के साथ व्यवहार करना चाहिए। जिससे समाज में शांति, भाईचारा और प्रेम स्वतः ही बढ़ेगा। समाज की उन्नति से ही सामाजिक समरसता बहाल होगा। अच्छे कार्य को धरातल पर उतारने के लिए तत्पर रहने की जरूरत है।



