
सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ का रोमांटिक ट्रैक ‘मैं हूं’ रिलीज
सलमान खान फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ से वैलेंटाइन स्पेशल रोमांटिक ट्रैक ‘मैं हूं’ रिलीज कर दिया है। सलमान खान और चित्रांगदा सिंह पर फिल्माया गया यह गीत फिल्म की भावनात्मक धड़कन को खूबसूरती से सामने लाता है।
रिश्तों की गर्माहट और जुदाई का दर्द—
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर गाना शेयर करते हुए बताया कि ‘मैं हूं’ एक फौजी और उसके परिवार के बीच के रिश्ते की संवेदनशील कहानी कहता है। इसमें परिवार के साथ बिताए खुशनुमा लम्हों से लेकर ड्यूटी की पुकार पर होने वाली जुदाई तक का भावनात्मक सफर दिखाया गया है। गीत में घर की गर्माहट, मुस्कुराहटें और जश्न के पल हैं, तो वहीं अकेलेपन और इंतजार की टीस भी। यह संतुलन गाने को बेहद मार्मिक बना देता है।
स्क्रीन पर दिखी मैच्योर केमिस्ट्री—
वीडियो में सलमान खान को सौम्य और भावुक अंदाज में देखा जा सकता है, कभी परिवार संग खुशियां मनाते हुए, तो कभी दूरी के एहसास में डूबे हुए। चित्रांगदा सिंह ने अपने किरदार में शालीनता और आंतरिक मजबूती का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। दोनों की केमिस्ट्री परिपक्व और सच्ची महसूस होती है।
संगीत और बोल ने बढ़ाई गहराई—
फिल्म के संगीत निर्देशक और कंपोजर अयान लाल ने इस ट्रैक को मधुर और सुकूनभरी धुन से सजाया है। श्रेया घोषाल और अयान लाल की आवाज़ ने गीत की भावनाओं को और अधिक गहरा कर दिया है। वहीं अयान लाल और शब्बीर अहमद के लिखे बोल एक सैनिक के पीछे खड़े परिवार की खामोश ताकत और कुर्बानी को प्रभावी ढंग से बयान करते हैं।



