बिहार

सीएम ने ऊर्जा प्रक्षेत्र की 3,452.11 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का किया उद्घाटन,कहा-मार्च 2025 तक हर घर तक स्मार्ट प्री-पेड मीटर लग जायेगा

पटना-15 दिसंबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बीएसपीएचसीएल कॉलोनी स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में ऊर्जा प्रक्षेत्र की 3452.11 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन,लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 12,657 करोड़ रुपये लागत की स्मार्ट प्री-पेड मीटर की राज्यव्यापी योजना के कार्यान्वयन की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए ऊर्जा विभाग को धन्यवाद देता हूं। आज ऊर्जा प्रक्षेत्र की कुल 3452.11 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। इसमें 725.26 करोड़ रुपये की योजना का उद्घाटन किया गया है, जबकि 2726.85 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। आज वितरण कंपनियों के अधीन कुल 325 करोड़ रुपये लागत की 48 विद्युत शक्ति उपकेंद्र का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। 874 करोड़ रूपये की लागत से कुल 7 ग्रिड सब स्टेशन से वितरण प्रणाली तक ट्रांसमिशन लाइन तथा 817.35 करोड़ रूपये लागत की बक्सर ताप विद्युत प्रतिष्ठान से विद्युत निकासी के लिए संचरण लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ऊर्जा ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया गया है, यह काफी अच्छा बना है। इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं। ऊर्जा विभाग की सहमति से इस ऑडिटोरियम का उपयोग दूसरे लोग भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में काफी काम हो रहे हैं। पहले बिहार में बिजली की क्या स्थिति थी? वर्ष 2005 में बिहार में मात्र 700 मेगावाट बिजली की आपूर्ति होती थी। आज बिहार में 6,627 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। हमने हर घर बिजली पहुंचा दी है। हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य दिसंबर 2018 तक निर्धारित किया गया था, जिसे दो माह पूर्व ही अक्टूबर 2018 में ही पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली की जरुरत और ज्यादा बढ़ रही है। उसके लिए हमलोग बिजली की आपूर्ति की सारी व्यवस्था कर रहे हैं। पावर प्लांट से लोगों के घर तक बिजली पहुंचाने के लिए कई चरणों में काम करना पड़ता है, जिसे ऊर्जा विभाग बेहतर ढंग से क्रियान्वित कर रहा है। बिहार पहला राज्य है जहां सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के 19 किलोवाट भार क्षमता तक के विद्युत कनेक्शन, सुविधा एप्प के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी काफी काम हो रहे हैं। 200 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र बिहार में लगने जा रहा है। जमुई और बांका में 100-100 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयत्र पर काम शुरु होगा। सतलज जल विद्युत निगम लिमिटेड संयंत्र लगाने जा रहा है। इस पर 1000 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जायेगी। इस पर तेजी से काम चल रहा है। देश में बिहार ऐसा पहला राज्य है, जहां स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाया जा रहा है। पहले बिजली बिल को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आती थीं। हमने इसको लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम में शामिल किया ताकि लोगों की शिकायतों का समाधान हो सके। स्मार्ट प्री-पेड मीटर से बिजली का दुरुपयोग नहीं हो सकेगा। बिजली के उपभोक्ताओं को भी इससे फायदा होगा। इससे सबको लाभ होगा। लोग जितनी बिजली की खपत करेंगे,उन्हें उतने का ही बिजली बिल देना पड़ेगा। बिजली के उपभोक्ताओं को राज्य सरकार अपनी तरफ से सब्सिडी देती है। खरीद से कम दर पर उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। कुछ लोग मुफ्त में बिजली देने की मांग करते रहते हैं। मुफ्त में बिजली देने की भावना गलत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पिछड़ा राज्य होकर भी लोगों के हित में सड़क निर्माण से लेकर हर घर तक बिजली पहुॅचाने के साथ-साथ अन्य विकास के कार्य भी तेजी से किये गये हैं। बिहार में सड़क और बिजली के क्षेत्र में काफी काम हुये हैं। बिहार को अब निजी क्षेत्र से बिजली खरीदनी नहीं पड़ेगी। अब बिहार को जितनी बिजली की जरुरत होगी वह केंद्र सरकार के माध्यम से ही मिल जायेगी। इसके लिए मैं केंद्र सरकार को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली के जर्जर तारों को बदल दिया गया है। कोरोना के दौर में भी ऊर्जा विभाग ने काफी मेहनत से काम किया है। लोगों की बिजली की जरुरत को पूरा करने की हमारी प्रतिबद्धता है। बिजली विभाग के इंजीनियरों को हम बधाई देते हैं। आप लोगों के अच्छा काम करने से हमें प्रसन्नता होती है। उन्होंने मीडिया से आग्रह करते हुए कहा कि बिजली की गड़बड़ियों की सूचना को प्रकाशित करने के साथ ही ऊर्जा विभाग को जरुर दीजिएगा ताकि उसमें सुधार किया जा सके। ऊर्जा विभाग भी कार्यों पर बारीकी से नजर रखें।

कार्यक्रम को ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य सह पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के पश्चात् मुख्यमंत्री ने विद्युत भवन जाकर आर्ट गैलरी का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने आर्ट गैलरी में विभिन्न कलाकारों की लगायी गयी कलाकृतियों का अवलोकन किया और उसकी जमकर तारीफ की। मुख्यमंत्री ने स्टील आर्ट,क्राफ्ट आर्ट, मधुबनी पेंटिंग,ब्लॉक प्रिंटिंग,क्ले मॉडलिंग,स्क्रीन पेंटिंग आदि का भी अवलोकन किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button