
हेलीकॉप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत सहित 11 अफसरों की मौत से काशी मर्माहत
वाराणसी- 08 दिसम्बर। देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत,उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 11 सैन्य अफसरों के हेलीकॉप्टर हादसे में मौत से काशी नगरी भी मर्माहत है। बुधवार शाम विभिन्न दलों के नेताओं के साथ सामाजिक संगठनों के साथ युवाओं ने हादसे पर शोक जताया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने हादसे पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैन्य अफसरों का निधन बेहद स्तब्धकारी है। बाबा विश्वनाथ दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक-संतप्त परिजनों व शुभचिंतकको को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।
इस दौरान पूर्व विधायक के साथ जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में अस्सीघाट पर युवाओं ने हादसे में दुख जताते हुए मोमबत्तियां और दीये जलाकर अपनी श्रद्धांजलि दी। हादसे में मारे गये सैन्य अफसरों के परिवार के प्रति संवदेना भी जताई।



