भारत

लोकसभा चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव: अखिलेश

लखनऊ- 13 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है। यह जनता के जीवन-मरण का चुनाव होगा। लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण सब पर खतरा है। भाजपा 2024 का चुनाव जीतने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। मतदान के समय धांधली की तैयारियां है। ऐसे में जन सामान्य, जो मतदाता भी है, उसे ही अपने अधिकार और वोट की रक्षा करनी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी है।

अखिलेश यादव बुधवार को प्रदेश मुख्यालय के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पूरी तरह व्यवस्था चौपट है। भाजपा सरकार में लूट मची है। उसका रास्ता खतरनाक है। भाजपा सरकार हर स्तर पर विफल है। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए झूठे वादे विज्ञापनों में दर्शाएं जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेता, कार्यकर्ता बूथस्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत कर पीडीए का संदेश जन-जन तक पहुंचाए। समाजवादी सरकार की उपलब्धियां लोगों को बताएं और समाजवादी पार्टी-गठबंधन के प्रत्याशियों को बहुमत से जिताने में कोई कोरकसर न छोड़े।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा के प्रति जनता में भारी रोष है। विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमें लगाकर जेल भेजा जा रहा है। व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। किसान महंगाई और कर्ज से परेशान है। उसकी आय दोगुनी करने का वादा जुमला निकला। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। नौकरियों की भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने से छात्र-नौजवानों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। भाजपा सरकार बेरोजगारों को नौकरी न देने के लिए पेपर लीक करवा रही है। नौकरी रोजगार न मिलने से नौजवान हताश और आक्रोशित है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की ली है। नोटबंदी-जीएसटी से व्यापारी परेशान है। सरकार की नीतियां दवा कम्पनियों को मुनाफा पहुंचाने का काम कर रही हैं। राष्ट्रीय सम्पत्तियों को एक-एक कर बेचा जा रहा है। पूरे व्यापार पर कुछ उद्योगपतियों का कब्जा हो गया है। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स आदि एजेंसियों के जरिए डरा-धमका कर भाजपा के पार्टी फण्ड में वसूली की जा रही है। साढ़े छह हजार करोड़ रूपये के इलेक्टोरल बॉण्ड के जरिए चुनावी चंदा लिया गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में नफरत फैलाने और समाज को बांटने वाली नीतियों को हवा दी जा रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार और अत्याचार के रिकार्ड बन रहे है। लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है। वैसे भी डॉ0 राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि जिन्दा कौमे पांच साल इंतजार नहीं करती। मतदाताओं को जल्द ही यह अवसर मिलने वाला है। उत्तर प्रदेश की 80 की 80 लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी और गठबंधन की जीत होने जा रही है। समाजवादी पार्टी और पीडीए मिलकर सामाजिक, आर्थिक न्याय की अन्तिम लड़ाई लड़कर भाजपा की केन्द्र सरकार को सत्ता से हटाने जा रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button