
राजद विधायक राजवंशी का नीतीश कुमार पर राजनीतिक हमला, कहा- गंजेड़ी हैं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बेगूसराय 27 नवंबर। बिहार में शराबबंदी को लेकर छिड़ी राजनीतिक जंग के बीच बेगूसराय जिला के चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक राजवंशी महतो ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गंजेड़ी करार दिया है। शनिवार की देर शाम बेगूसराय जिला मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजवंशी महतो ने कहा है कि मुख्यमंत्री खुद ही गांजा पीते हैं। गांजा पीने से भी नशा आता है। गांजा पर भी तो प्रतिबंध लगा हुआ है, फिर भी मुख्यमंत्री खुद ही गांजा पीते हैं। मुख्यमंत्री खुद क्यों नहीं गांजा पीना छोड़ रहे हैं।
राजवंशी महतो ने कहा कि शराबबंदी कहां है, बिहार में शराबबंदी तो मात्र ढ़कोसला है। पूर्ण रूप से शराब तो पूरे बिहार में बेची जा रही है और लगातार मुख्यमंत्री शराबबंदी को लेकर बड़ा बड़ा बयान दे रहे हैं। शराबबंदी सफल हो रहे हैं तो क्यों बार-बार शराबबंदी को लेकर शपथ दिला रहे हैं। बस निर्दोष आदमी को पुलिस के द्वारा शराब के नाम पर जेल भेजने का काम कर रहे हैं और बड़े-बड़े लोग शराब के कारोबार में फल-फूल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शराबबंदी के नाम पर बस गरीब को सताने का काम किया जा रहा है। राजवंशी महतो ने दावा किया है कि बिहार के अधिकारी शराब पीते हैं, मेरे साथ चलिए मैं साबित करवा दूंगा कि अधिकारी कैसे शराब पीते हैं। अब तो भाजपा के विधायक भी लगातार शराबबंदी को लेकर अपने सरकार पर ही निशाना साध रहे हैं। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि बिहार में शराबबंदी क्या है।



