
DELHI:- बदमाशों का राजधानी में आतंक: 30 लोग रोजाना होते है झपटमारी का शिकार
नई दिल्ली, 22 नवंबर। राजधानी दिल्ली में अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीते एक महीने के दौरान हुई झपटमारी की वारदातों के आंकड़ो को देखे तो पता चलता है कि रोजाना 30 लोग झपटमारी का शिकार हो रहे है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बीते आठ अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच दिल्ली में झपटमारी की 1018 वारदातें हुई हैं। वहीं इस समय के दौरान साल 2020 में 928 झपटमारी की घटनाएं हुई थीं। यह आंकड़े पुलिस कमिश्नर की बैठक में बताए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने सभी जिला डीसीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक बैठक ली। इस बैठक में आठ अक्टूबर से लेकर 11 नवंबर के बीच हुए अपराध को लेकर चर्चा हुई। इसमें पता चला कि आठ अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच राजधानी में अधिक्तर अपराध बढ़े हैं। उन्होंने राजधानी में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
झपटमारी की 1018 वारदातों को इस अवधि में अंजाम दिया गया है। वहीं इस अवधि के दौरान ही वर्ष 2020 में झपटमारी की 928 घटनाएं हुई थीं। जबकि वाहनचोरी की 3894 घटनाएं 2021 में इस अवधि के दौरान दर्ज हुई है। वहीं, वर्ष 2020 में इस अवधि के दौरान 3663 गाड़ियां चोरी हुई थीं। इसी क्रम में लूट की घटनाओं में भी इस अवधि के दौरान ग्राफ बढ़ा है। वर्ष 2021 में इस अवधि के दौरान जहां लूट की 247 वारदातें हुई हैं तो वहीं 2020 में इस दौरान 224 वारदातें हुई थी।
हत्या के प्रयास की बात करें तो वर्ष 2020 में जहां इस समय में 56 हत्या के प्रयास की वारदातें हुई थीं तो वहीं इस वर्ष 105 हत्या के प्रयास की वारदातें दर्ज हुई हैं। झपटमारी की सबसे ज्यादा 112 घटनाएं पूर्वी दिल्ली में अंजाम दी गई हैं। उत्तरी जिला में 103, शाहदरा जिला में 94, बाहरी जिले में 88 झपटमारी की वारदातें इस अवधि में दर्ज हुई। बैठक में बताया गया कि वाहन चोरी की सबसे ज्यादा 414 घटनाएं इस दौरान पश्चिमी दिल्ली में हुई हैं।
इसके अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली में 399, रोहिणी जिला में 361, उत्तर पश्चिम जिला में 328 और उत्तर पूर्वी जिला में वाहन चोरी की 306 घटनाएं हुई हैं। लूट की सबसे ज्यादा 29 घटनाएं इस दौरान बाहरी उत्तरी में हुई हैं। बाहरी जिला में 27,उत्तर पूर्वी जिला में 22 द्वारका में 20 और दक्षिण जिला में 20 वारदातें हुई हैं। बैठक में पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने अधिकारियों से यह पूछा कि वह अपराध रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि किसी भी अपराध को छोटा न मानें और गंभीरता से उसकी जांच कर आरोपितों को गिरफ्तार करें।
झपटमारी के आंकड़े : जिला 2020-2021,पूर्वी 104 112,शाहदरा 46 94,बाहरी 65 88,दक्षिण 41 57,दक्षिण पश्चिम 14 35,उत्तरी 29 52
लूट के आंकड़े : जिला 2020-2021 रोहिणी 11 19,बाहरी उत्तरी 15 29,पश्चिम 09 18,बाहरी 11 27,द्वारका 17 20
वाहन चोरी के आंकड़े : जिला 2020-2021 बाहरी उत्तरी 129 190,उत्तर पूर्वी 338 399,पश्चिम 393 414,दक्षिण पश्चिम 92 183,दक्षिण पूर्वी 283 305



