भारत

स्वास्थ्य क्षेत्र को समग्र विकास की अवधारणा पर बढ़ाया जा रहा है: गृहमंत्री

भोपाल- 24 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार शाम सतना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया। समारोह में 43 एकड़ में विस्तारित तथा 550 करोड़ रुपये से निर्मित मेडिकल कॉलेज भवन परिसर का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र को समग्र विकास (होलेस्टिक अप्रोच) की अवधारणा पर बढ़ाया जा रहा है। सबसे पहले स्वच्छता अभियान चलाकर आम जनमानस में एक संस्कार डालने की शुरुआत की गई। इसके बाद योग, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, फिट इंडिया, खेलो इंडिया, इंद्रधनुष अभियान, पोषण अभियान और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को नया स्वरुप देकर स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की पावन धरा विन्ध्य के सतना में मेडिकल कॉलेज की स्थापना चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। सतना मेडिकल कॉलेज में रोगियों को महानगरों की तरह उपचार की सभी सुविधाएं मिलेंगी। अब इस क्षेत्र के बच्चों को मेडिकल की पढ़ाई के लिये बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।

शाह ने कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में देश समग्र विश्व का सिरमौर बने। ऐसे शक्तिशाली और प्रगतिशील भारत का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। स्वास्थ्य के साथ स्वच्छता भी जुड़ी हुई है। देश में 10 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया है। योग को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना से अब तक सात करोड़ से अधिक गरीबों का निःशुल्क उपचार किया गया है। इंद्रधनुष अभियान में सभी बच्चों को जीवन रक्षक टीके लगाये जा रहे हैं। कोरोना के बाद 60 हजार करोड़ रुपये व्यय करके स्वास्थ्य संरचना को नया रूप देकर गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।

केन्द्रीय बजट में इस वर्ष स्वास्थ्य के लिये 1.24 लाख करोड़ का प्रावधान

उन्होंने कहा कि गत वर्ष के बजट में स्वास्थ्य के लिये 94 हजार करोड़ का प्रावधान था, जिसमें इस वर्ष 30 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। देश में वर्ष 2021-22 के पहले मेडिकल कॉलेज में 51 हजार 300 डॉक्टर तैयार होते थे। अब यह संख्या बढ़कर 89 हजार 900 हो गई है।

मध्यप्रदेश में एमबीबीएस की सीटें 2055 से बढ़कर 3700 होंगी

उन्होंने कहा कि एमबीबीएस के साथ-साथ एमडी और एमएस की सीटें भी बढ़ाई जा रही हैं। देश में 22 नये एम्स अस्पताल बनाये गये हैं। मध्यप्रदेश में एमबीबीएस की 2055 सीटें उपलब्ध थीं, जो शीघ्र ही बढ़कर 3700 हो जाएंगी। राज्य सरकार ने दमोह, छतरपुर और सिवनी में भी मेडिकल कॉलेज खोलने का संकल्प लिया है।

सतना मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सुविधाओं में मील का पत्थर बनेगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सतना का मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये मील का पत्थर साबित होगा। इससे संबद्ध चिकित्सालय का शीघ्र निर्माण आरंभ किया जायेगा। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में अब गौरवशाली, समृद्धशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया गया है। भोपाल से विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, रीवा होकर सिंगरौली तक विंध्य एक्सप्रेस-वे बनाया जायेगा। इसमें औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जायेगा। सतना शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से 940 करोड़ रुपये के कार्य कराये जा रहे हैं। शीघ्र ही सतना बदले हुए स्वरूप में दिखेगा और महानगरों की श्रेणी में शामिल होगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन सतना वासियों के लिये गौरव का दिन है। वर्ष 2003 से पूरे प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की सीमित संख्या को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अब प्रदेश में 14 शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित हो गये हैं। शीघ्र ही अन्य मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जायेगा। मेडिकल कॉलेज सतना सर्व-सुविधायुक्त आधुनिक चिकित्सा प्रणाली वाला मेडिकल कॉलेज होगा। यह सुपर स्पेशिलिटी के प्रावधान को पूरा करेगा। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह ने भी संबोधित किया। सतना महापौर योगेश ताम्रकार ने मेडिकल कॉलेज के समीप अपनी निजी भूमि में एक करोड़ रुपये की लागत से रोगियों के परिजन के लिए आश्रय-स्थल बनाने की घोषणा की।

प्रारंभ में केंद्रीय गृह मंत्री ने शिलापट्टिका का अनावरण कर कॉलेज का लोकार्पण किया और फिर कॉलेज भवन का अवलोकन भी किया। केद्रीय गृह मंत्री को सांसद तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, वन मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह, सांसद वी.डी. शर्मा, विधायकगण सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button