बिहार

भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना संभव नहीं, विभिन्न धर्मों के मानने वाले लोग यहां रहते: CM नीतीश

पटना- 17 फरवरी। कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाए जाने के सवाल पर कहा कि यह भारत देश है, यहां यह संभव नहीं है। विभिन्न धर्मों को मानने वाले लोग यहां रहते हैं। इस देश के बारे में अगर कोई कुछ बोलता है तो उसकी कोई वैल्यू नहीं है।

सीएम ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की बात को छोड़कर किसी की बात को नहीं सुनना चाहिए। अगर कोई कुछ बोलता है तो समझिए वो देश को खत्म करना चाहता है। यह संभव नहीं है। अंत में गांधी जी की हत्या भी कर दी गई। नीतीश ने कहा कि बापू की बातों पर ही हमलोग आगे काम कर रहे हैं। उन्होंने जो देश के बारे में कहा है उसी को लेकर देश को आगे बढ़ना है। बाकी लोगों को जो बोलना है बोलते रहें, लोकसभा चुनाव में जनता फैसला करेगी।

बीबीसी के कार्यालयों पर आयकर विभाग की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीसी पर हुए एक्शन से समझ लीजिए कि उन लोगों की इच्छा क्या है, यह बहुत स्पष्ट है। उन लोगों के खिलाफ कोई भी बोलेगा तो एक्शन होगा। हम लगातार समाधान यात्रा पर थे इसके बारे में और डिटेल पता करेंगे।

पत्रकारों के अन्य सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे खिलाफ जिसको जो बोलना है और जो कहना है कहते रहें। हम रात दिन लोगों की सेवा करने और काम करने में लगे रहते हैं। हम सबके हित में लगातार काम करते रहते हैं। किसी के हमारे खिलाफ बोलने से हमको कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता मालिक है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है कि कौन क्या कर रहा है। हम पहले जो काम करते थे तो उसकी मीडिया में चर्चा होती थी लेकिन आजकल वे लोग जो बोलते हैं उन्हीं की मीडिया में ज्यादा चर्चा होती है।

पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह द्वारा सरकार को किसान विरोधी बताने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग क्यों किसी के बयान का नोटिस ले रहे हैं। ये सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। कृषि रोडमैप बनाकर कृषि के क्षेत्र में विकास के कई काम किए गए हैं। हर क्षेत्र में तरक्की हुई है। समाधान यात्रा के दौरान हम घूमकर लोगों से बात कर रहे थे कि और क्या करने की जरूरत है। बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए हमलोग लगातार काम करते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। किसी को कुछ बोलना है वो बोलता रहे उस बयान का कोई मतलब नहीं। हम लोगों ने शुरु से ही कब क्या-क्या काम किया है, किन-किन क्षेत्रों में कितना काम किया है पता कर लें ।

सीएम ने कहा कि शहर और गांव में कितना विकास हुआ है सब दिख रहा है। राज्य सरकार ने अपने संसाधनों के बल पर राज्य में विकास का काम किया है। कोई मेरे खिलाफ बोलेगा तो अपनी पार्टी का नेता बनेगा, जनता का नेता नहीं बनेगा। हमलोग साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जनता के हित में काम कर रहे हैं। हम लोगों के खिलाफ कोई बोलता है तो बोलता रहे ।

पार्लियामेंट में गौतम अडाणी को लेकर जेपीसी की मांग से संबंधित प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं कोई घटना घटती है तो पार्लियामेंट के सदस्यों को अपनी बातों को रखने का अधिकार है। जब हमलोग भी विपक्ष में थे तब भी उस समय की सरकार हम लोगों की बातों को सुनती थी। अटल जी विरोधियों की भी बात सुनते थे।

इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर, खान एवं भूतत्व मंत्री रामानंद यादव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिता देवी, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेन्द्र कुमार राय, विधि मंत्री शमीम अहमद, सूचना प्रावैधिकी मंत्री मो इसराईल मंसूरी, श्रम संसाधन मंत्री सुरेन्द्र राम, जननायक स्व कर्पूरी ठाकुर के पुत्र वीरेन्द्र ठाकुर, राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव और वरीय अधिकारी उपस्थित थे ।

इस अवसर पर राज्य सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा सर्वधर्म प्रार्थना आयोजित की गई तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित गीत की प्रस्तुति की गई।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button