
न्यायमूर्ति अली मोहम्मद माग्रे ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
श्रीनगर- 13 अक्टूबर। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति अली मोहम्मद माग्रे को पद की शपथ दिलाई।
इस शपथ ग्रहण समारोह में हाई कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीशों और कुछ सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, न्यायिक अधिकारियों, महाधिवक्ता, वकीलों और नागरिक और पुलिस विभाग के अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
न्यायमूर्ति माग्रे का जन्म 8 दिसंबर, 1960 को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के दमहल हंजीपोरा के वट्टू गांव में हुआ था। वह उच्च न्यायालय के 35वें मुख्य न्यायाधीश हैं। मुख्य न्यायाधीश माग्रे ने स्कूली शिक्षा अपने पैतृक गांव में प्राप्त की और कश्मीर विश्वविद्यालय से स्नातक और एलएलबी (ऑनर्स) किया।
उन्हें वर्ष 1984 में एक वकील के रूप में नामांकित किया गया था और उन्होंने राजस्व अदालतों और न्यायाधिकरणों सहित जिला अदालतों में कानून का अभ्यास करना शुरू कर दिया था।



