
UP:- मंत्री दानिश के परिजनों ने जतायी गांव तक अच्छी सड़क की उम्मीद
बलिया- 26 मार्च। योगी कैबिनेट के एकमात्र मुस्लिम मंत्री दानिश आजाद अंसारी के गांव में खुशी की लहर है। नए-नवेले मंत्री दानिश आजाद अंसारी के परिजनों समेत समूचे गांववासियों को उम्मीद है कि उनके गांव की सड़क की दशा अब सुधर जाएगी।
जिला मुख्यालय से करीब पंद्रह किलोमीटर दूर अपायल गांव के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। क्योंकि उनके गांव का बेटा अब प्रदेश सरकार का मंत्री बन चुका है। शनिवार को दानिश के बड़े पिता दरवाजे पर बैठे थे। वे आने वाले हर शख्स को मिठाई खिला रहे थे।
उन्होंने कहा कि दानिश बचपन से ही होनहार था। दानिश की बड़ी अम्मी ने कहा कि वह जिस तरह से लगनशील है, हमें उम्मीद थी कि एक न एक दिन वह जरूर कोई बड़ा ओहदा हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि अब जबकि बड़ा पद मिल गया है, उससे उम्मीद है कि वह गांव तक की खराब सड़क जरूर बनवाएगा। बोलीं कि गांव के बेरोजगार युवकों को भी उससे बड़ी उम्मीदें हैं।
उन्होंने कहा कि तीन मार्च को वोट देने दानिश आए थे। उसके बाद जिस तरह से सरकार बनी, हम भी आशावान थे। हमारी यह मुराद पूरी हुई।
उल्लेखनीय है कि योगी कैबिनेट के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी का बचपन बलिया में ही बीता है। लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और फिर भाजपा के लिए मुस्लिमों के बीच काफी काम किया। जिसका ईनाम उन्हें मंत्री पद के रूप में मिला है।



