ताज़ा ख़बरें

असल गांधीजी के बाद जो गांधी आए उन्होंने सिर्फ राजनीति की : नड्डा

मुरादाबाद- 05 फरवरी। स्वच्छता की बात तो असली गांधीजी करते थे वह चले गए। उसके बाद जो गांधी आए उन्होंने सिर्फ राजनीति की। नरेन्द्र मोदी ने 2014 में लाल किले से प्रधानमंत्री ने स्वच्छता की बात करी तो उनका भी माखौल विपक्षियों ने उड़ाया था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस उद्देश्य काम करती है कि लोगों की तकदीर भी बदले और तस्वीर भी बदले। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुरादाबाद नगर विधानसभा द्वारा राही होटल में आयोजित जनसभा कार्यक्रम में कही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यूपी में योगीजी ने गुंडों व माफियाओं का सफाया कर दिया है। ऐसे में प्रदेश की जनता को बेहिचक समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले को चुनना चाहिए। वहीं विपक्ष पर तंज कसते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्ष ने कभी देश के विकास की परवाह नहीं की, उन्होंने केवल अपने परिवार के विकास की परवाह की क्योंकि उनके पास सीमित दृष्टि है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि जब हम जनधन खाते खुलवाने की बात करते थे तो विपक्षी इसे मजाक कहते थे। आज देश में 40 करोड़ से अधिक जनधन के खाते खुले हुए हैं। कोरोना संक्रमण के काल में प्रधानमंत्री मोदी जी ने 20 करोड़ महिलाओं के जनधन खाते में 500 रुपये प्रति माह भिजवाए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ 76 लाख आवास बने, जिसमें 42 लाख आवास उत्तर प्रदेश में बने हैं। यह गरीबों का सशक्तिकरण है। मोदी सरकार में आयुष्मान स्वास्थ्य योजना गरीबों का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। भारत की 40 लाख से अधिक आबादी इस योजना में कवर्ड है।

जेपी नड्डा ने उप्र विधानसभा चुनाव की ओर कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि चुनाव के मुद्दे क्या होने चाहिए, किसने आपकी चिंता की, किसने आपके यहां गैस पहुंचाई, किसने आपको आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का कार्ड दिया, किसने आपको आवास उपलब्ध कराया।

नड्डा ने कहा कि सपा और गुंडे एक-दूसरे के पर्याय हैं। ये देशद्रोहियों का समर्थन करते हैं। सपा सरकार आई तो प्रदेश में गुंडाराज कायम हो जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि गोरखपुर सीरियल बम धमाका और रामपुर में सीआरपीएफ कैंप हमले के आरोपितोंं पर दर्ज मुकदमे अखिलेश सरकार ने वापस ले लिए थे। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा सरकार का एक ही उद्देश्य था कि सपा की सरकार आएगी तो यह थाने सपा के होंगे और बसपा की सरकार आई तो यह थाना बसपा के अनुसार चलेगा। उन्होंने कहा कि सपा के गुंडाराज को लोग अभी भूले नहीं हैं। सत्ता में सपा की वापसी होने पर भय की वजह से प्रदेश में कारखाने और व्यापार बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कहते हैं कि मैं बिजली मुफ्त दूंगा। मैं पूछना चाहता हूं कि जो अपने शासन काल में पूरे उप्र को बिजली नहीं दे सके, वह बिजली मुफ्त क्या देंगे। आने वाली 10 मार्च को सभी विपक्षियों को मुंहतोड़ जवाब मिल जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button