
मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ का पहला गाना रिलीज, रहस्य और रोमांस के नाम पर कमजोर कहानी का सहारा
‘वास्ते’, ‘लुट गए’ और ‘लेजा रे’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए पहचानी जाने वाली निर्देशक जोड़ी राधिका राव और विनय साप्रू अपने नए म्यूजिकल प्रोजेक्ट ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ के साथ लौटी है। इस प्रोजेक्ट का पहला गाना ‘ये रात खास है’ रिलीज कर दिया गया है। हालांकि, गाने में रहस्य, रोमांस और कल्पना का माहौल बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन श्रापित राक्षस और धोखा खाई दुल्हन की कहानी का आधार कुछ जाना-पहचाना सा लगता है। ऐसे में इसे दर्शकों के सामने एक नई प्रेम कहानी के रूप में पेश करना आसान नहीं होगा।

गाने में रुद्र सोनी और यशिका शर्मा नजर आ रहे हैं। कहानी पूर्णिमा की रात एक राक्षस और दुल्हन की मुलाकात के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर को मिली प्रतिक्रिया के बाद इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता जरूर बनी है, लेकिन केवल रहस्यमयी दृश्य और भव्य विजुअल्स किसी कहानी को प्रभावशाली बनाने के लिए पर्याप्त नहीं होते। दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखने के लिए कहानी में नयापन और किरदारों में गहराई जरूरी होगी। राधिका राव और विनय साप्रू ने नए कलाकारों को मौका देने की बात कही है और दोनों की सहजता तथा केमिस्ट्री को इस चयन की वजह बताया है।
‘ये रात खास है’ को तौफीक साबरी ने आवाज दी है, जबकि संगीत साबिर खान ने तैयार किया है और गीत के बोल श्वेता ने लिखे हैं। ‘मॉन्स्टर एंड दुल्हन’ की कहानी राधिका राव और विनय साप्रू ने लिखी है और निर्देशन भी दोनों ने किया है। फिलहाल गाने के जरिए इस अनोखी प्रेम कहानी की झलक दिखाई गई है, लेकिन असली चुनौती यह होगी कि पूरी कहानी दर्शकों को कितना बांध पाती है।



