
फर्जी निवास प्रमाण-पत्र से बिहार में शिक्षक की नौकरी, 106 शिक्षिकाओं की जांच शुरू
पटना, 25 नवंबर। बिहार में फर्जी निवास प्रमाण-पत्र के सहारे शिक्षक की नौकरी हासिल करने का बड़ा मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग ने BPSC से नियुक्त 106 महिला शिक्षिकाओं के प्रमाण-पत्रों की जांच कराने को कहा है।
मामला BPSC की TRE-3 परीक्षा से जुड़ा है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश की कई अभ्यर्थियों ने बिहार के जिलों से निवास प्रमाण-पत्र बनवाया और उसी आधार पर आरक्षित कोटे में नौकरी ले ली।
शिकायत के मुताबिक, इन अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘KM’ लिखा है, जो उत्तर प्रदेश के स्कूल प्रमाण-पत्रों में आम तौर पर इस्तेमाल होता है। वहीं, उनके शैक्षणिक प्रमाण-पत्र भी यूपी के स्कूल-कॉलेजों के हैं।
शिकायतकर्ता और पूर्व शिक्षक अमित विक्रम ने 106 महिला शिक्षिकाओं की सूची सौंपी है। इनमें 34 SC, 24 EBC, 16 BC, 13 EWS, 13 BC और 6 ST वर्ग से नियुक्त शिक्षिकाएं शामिल हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक छोटा हिस्सा है, पुरुष अभ्यर्थियों में भी ऐसी गड़बड़ी हो सकती है।
नियमों के अनुसार बिहार से बाहर के अभ्यर्थी जाति आधारित आरक्षण का लाभ नहीं ले सकते। वे सिर्फ सामान्य श्रेणी में आवेदन कर सकते हैं। लेकिन महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सहित कई आरक्षित पदों के लिए बिहार का निवास प्रमाण-पत्र अनिवार्य था। आरोप है कि इसी का फायदा उठाया गया।
TRE-3 के माध्यम से 2024 में 66 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती हुई थी।
इस मामले में सहयोग पोर्टल पर शिकायत मिली थी। इसके बाद प्राथमिक शिक्षा के उप निदेशक प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने 28 अक्टूबर 2026 को BPSC सचिव को पत्र लिखकर जांच का अनुरोध किया है। पत्र में प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है।
पत्र की कॉपी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी और शिकायतकर्ता को भी भेजी गई है।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने जांच का निर्देश दिया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियुक्ति रद्द करने सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है।



