
बिहार में दिसंबर से मार्च तक खेलों का महाकुंभ, CM सम्राट ने की तैयारियों की समीक्षा
पटना – 24 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक राज्य में प्रस्तावित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने बिहार में खेल कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्रियों की प्रत्येक महीने कम से कम एक खेल कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़े और खेलों को बढ़ावा मिले।
इस अवधि में बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह, मशाल टैलेंट आइडेंटिफिकेशन लॉन्च, FIE कैडेट/जूनियर पुरुष फॉयल विश्व कप, FIH प्रो लीग और राजगीर मैराथन सहित कई महत्वपूर्ण खेल आयोजनों का आयोजन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने खेल परिसरों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर उन्हें संबंधित खेल संघों को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि उनका बेहतर उपयोग एवं रखरखाव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अधूरे पड़े खेल परिसर जल्द से जल्द खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराए जाएं।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने बिहार में खेल उपकरण निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने, पारंपरिक एवं जनजातीय खेलों को प्रोत्साहित करने तथा महिला योग सप्ताह, वरिष्ठ नागरिकों के वॉकाथॉन, ई-स्पोर्ट्स और कबड्डी लीग जैसे आयोजनों के माध्यम से खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और युवा शक्ति के निर्माण का माध्यम है। बिहार को खेल के नक्शे पर देश-दुनिया में नई पहचान दिलाना सरकार का लक्ष्य है।



