
बिहार गति’ की समीक्षा में CM सम्राट चौधरी के बड़े निर्देश, मार्च 2027 तक पूरे होंगे विश्वविद्यालयों के भवन
पटना – 24 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘बिहार गति’ के अंतर्गत ₹100 करोड़ से अधिक की लागत वाली राज्य की परियोजनाओं एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच और किसानों की आय बढ़ाने के लिए जिलावार नकदी फसल कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर जिले की मिट्टी और जलवायु के हिसाब से नकदी फसलों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि किसानों को ज्यादा लाभ मिल सके।
साथ ही, वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के विभिन्न माध्यमों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और अन्य लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूत करने से बिहार में उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय एवं पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने तथा बीएड कॉलेजों में जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि बड़ी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि जनता को उनका लाभ जल्द मिल सके।



