
MADHUBANI:- नवविवाहिता की हत्या कर शव जलाकर दफनाया, पति गिरफ्तार, शव के अवशेष बरामद
“प्रेम विवाह के 4 माह बाद ही हत्या, पति ने शव जलाकर दफनाया, नवविवाहिता हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, दीपावली के दिन हुई हत्या, कमला नदी पार जलाया शव”
मधुबनी, 16 नवंबर। अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के सुखेत गांव में नवविवाहिता किरण कुमारी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव जलाने और दफनाने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कांड के मुख्य अभियुक्त एवं मृतका के पति विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 13.11.2026 को अंधराठाढ़ी थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम सुखेत निवासी नवविवाहिता किरण कुमारी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को जला दिया गया है।
अनुसंधान के क्रम में सामने आया कि सुखेत निवासी विकास कुमार एवं किरण कुमारी ने लगभग चार माह पूर्व मुंबई में प्रेम विवाह किया था। जिससे ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य असहमत थे। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी अन्य लड़की से बातचीत एवं पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के कारण 08.11.2026 दीपावली के दिन किरण कुमारी की हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को कमला नदी के पार बिठौनी गांव के क्षेत्र में ले जाकर जलाया गया। अवशेषों को जमीन में दफना दिया गया। इस संबंध में मृतका के पिता बैजनाथ महतो के आवेदन पर 15 नामजद एवं 05-06 अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अंधराठाढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंधराठाढ़ी थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 16.11.2026 को कांड के मुख्य अभियुक्त एवं मृतका के पति विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं एफएसएल टीम की उपस्थिति में घटनास्थल से मृतका के शव के अवशेष बरामद किए गए। वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए। कांड में संलिप्त अन्य नामजद व अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।



