
मधुबनी पुलिस का बड़ा खुलासा: बाबूबरही में शव बोरी में नहीं, खुले में मिला था, भ्रामक खबर फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
मधुबनी, 14 नवंबर। बाबूबरही में 12 नवंबर को मिले शव को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरों पर मधुबनी पुलिस ने विराम लगा दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि शव बोरी में बंद नहीं, बल्कि खुले मैदान में झाड़ी के पास खुली अवस्था में मिला था।
पुलिस के अनुसार, वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने ही शव बरामद किया था। मामले में बाबूबरही थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात के विरुद्ध हत्या का कांड दर्ज किया गया है।
*मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम, DNA जांच भी होगी*
पारदर्शिता के लिए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तीन चिकित्सकों की मेडिकल बोर्ड टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। FSL टीम से गहन जांच कराई गई है। शव के नीचे से बरामद सर्विस पिस्टल की बैलिस्टिक जांच हो रही है, जिससे पता चलेगा कि उससे गोली चली है या नहीं। मृतक की पहचान वैज्ञानिक रूप से पुख्ता करने के लिए DNA जांच भी कराई जाएगी।
*SIT गठित, भ्रामक खबर वालों को किया चिन्हित*
मामले के त्वरित एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए SDPO सदर-2 (खजौली) के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है।
वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। उनके विरुद्ध BNS एवं IT एक्ट की सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।



