
MADHUBANI:- जितवारपुर प्रदर्शनी केंद्र मामले में मुख्य सचिव ने लिया संज्ञान, पर्यटन सचिव को फॉरवर्ड किया मामला
मधुबनी, 13 नवंबर। मिथिला चित्रकला एवं पारंपरिक लोक कला के लिए विश्व प्रसिद्ध जितवारपुर गांव के ग्रामीण कलाकारों ने पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित प्रदर्शनी केंद्र को COMFED एवं बिहार म्यूजियम के कार्यालय के रूप में उपयोग किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
कलाग्राम जितवारपुर की ओर से 10 नवंबर को एक साथ 5 बड़े अधिकारियों को ईमेल भेजा गया। जिसमें पर्यटन मंत्री, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, पर्यटन सचिव एवं जिलाधिकारी मधुबनी शामिल है। ईमेल के साथ वार्ड पार्षद सुधीरा देवी और 33 ग्रामीण कलाकारों द्वारा हस्ताक्षरित शिकायत पत्र संलग्न किया गया था।
इसका असर दिखने लगा है। मुख्य सचिव, बिहार कार्यालय ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले को सचिव, पर्यटन विभाग, बिहार, पटना को अग्रसारित कर दिया है।
कलाकारों का कहना है कि प्रदर्शनी केंद्र कलाकारों की कलाकृतियों के प्रदर्शन, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और आजीविका के लिए बनाया गया था। यदि इसका उपयोग कार्यालय के रूप में होगा तो कलाकारों के अवसर सीमित हो जाएंगे।
कलाकारों की 5 मांगों में प्रदर्शनी केंद्र को कार्यालय बनाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार, कलाकारों से बातचीत के बिना भवन के उपयोग में बदलाव न हो, कार्रवाई स्थगित रखी जाए, भवन ग्रामीण कलाकारों की प्रतिनिधि समिति को संचालन हेतु सौंपा जाए, भवन में मिथिला चित्रकला की प्रदर्शनी, प्रशिक्षण, कार्यशाला, बिक्री और सांस्कृतिक कार्यक्रम हों तथा कलाकारों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर समस्या सुनी जाए शामिल है। अब सभी की नजर पर्यटन विभाग के फैसले पर टिकी है।



