भारत

PM मोदी ने कर्नाटक को दी 15,600 करोड़ की सौगात, कर्नाटक-गोवा वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी

बेंगलुरु, 13 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर नई रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करने के साथ कर्नाटक को गोवा से जोड़ने वाली नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की विकास यात्रा में बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी से प्रगति, रोजगार और उद्योग के नए अवसर पैदा होते हैं। जब विकास के अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होती है। इसी का परिणाम है कि हाल के वर्षों में करीब 50 करोड़ नागरिक अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं।

मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु सहित कई शिक्षण संस्थानों और प्रमुख कारोबारी, प्रौद्योगिकी एवं व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ समय और पैसे की बचत होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार पहुंचा है। वर्ष 2014 में नम्मा मेट्रो का नेटवर्क केवल 17 किलोमीटर था, जो अब 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है।

रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि भारतीय रेल औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलकर अपनी विशिष्ट पहचान के साथ नई विरासत तैयार कर रही है। वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन इसी बदलाव के उदाहरण हैं।

कर्नाटक में 60 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड जैसे स्टेशन भी शामिल हैं। इन स्टेशनों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में रेलवे बजट में कई गुना वृद्धि हुई है और कर्नाटक के रेल बजट आवंटन में नौ गुना बढ़ोतरी हुई है। आज राज्य को चार अमृत स्टेशनों के साथ दो दोहरीकरण और विद्युतीकरण परियोजनाओं की सौगात मिली है। कुछ दिन पहले ही कर्नाटक को उसकी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और अब राज्य को गोवा से जोड़ने वाली एक और वंदे भारत ट्रेन समर्पित की गई है। इससे मंगलुरु सहित कर्नाटक के पूरे तटीय क्षेत्र के यात्रियों को अर्ध-उच्च गति रेल यात्रा का नया अनुभव मिलेगा।

ऊर्जा सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध ने दुनिया को ऊर्जा सुरक्षा का महत्व समझाया है। भारत ने पिछले एक दशक में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी उत्पादन बढ़ाने, कच्चे तेल का भंडारण करने, सौर, जल और पवन ऊर्जा के विस्तार तथा रेलवे के लगभग पूर्ण विद्युतीकरण जैसे कदम उठाए हैं। इन प्रयासों से देश चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर सका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाने और उसके हाथ में अधिक खर्च योग्य आय उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को आयकर से छूट दी गई है। वरिष्ठ नागरिकों और किराये से आय प्राप्त करने वालों को लाभ पहुंचाने के लिए टीडीएस नियमों में बदलाव किए गए हैं। रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें कम करने के लिए जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार किए गए हैं। व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर जीएसटी समाप्त कर बीमा को अधिक किफायती बनाया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में शुरू की गई ये परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति देने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!