MADHUBANI: बलिराज गढ़ गोलीकांड – राजद नेता हनुमान प्रसाद राउत ने जिला पुलिस को बताया नाकारा, CBI जांच और पूरे जिला प्रशासन के तबादले की मांग
मधुबनी, 13 नवंबर। बाबूबरही प्रखंड के बलिराज गढ़ गोलीकांड के अभियुक्त चंद्र मोहन सिंह को पकड़ने में मधुबनी जिला पुलिस नाकाम और नाकारा साबित हुई। जिला पुलिस प्रशासन के नकारापन के चलते उक्त अपराधी की हत्या हो गई।
उक्त बातें राजद के प्रदेश महासचिव हनुमान प्रसाद राउत* ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही है। श्री राउत ने कहा कि घटना के एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी उक्त अपराधी को पकड़ने में जिला प्रशासन विफल रहा। सिर्फ आम लोगों के गुस्सा, आक्रोश को शांत करने के लिए जिला प्रशासन 12 टीम SIT गठन करने का नाटक कर के मीडिया में छवि चमकाने में मशगूल रहा। और उक्त अपराधी की हत्या हो जाती है।
उन्होंने कहा कि चंद्र मोहन सिंह की हत्या में गहरी साजिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होने सवाल उठाते हुए कहा क्या वो लैपटॉप साथ लेकर चलता था? राउत ने इस पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग* की है। साथ ही पूरे जिला प्रशासन के तबादले की भी मांग की है। इस प्रशासन के समय में पूरे जिला में अपराध का सुनामी लहर आ गया है, जिसे रोकने में ये निकम्मी है। जब तक पूरे जिला प्रशासन का तबादला नहीं होगा और CBI जांच नहीं होगी, तब तक सच सामने नहीं आएगा। आम लोग दहशत में हैं, अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।
राजद नेता ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण ही अपराधी की हत्या हुई। सच्चाई दफन हो गई। उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर CBI जांच का आदेश देने की मांग की है।



