
MADHUBANI:- पति पर जानलेवा हमला और नशीली दवा खिलाने का आरोप लगाकर स्टेशन पर पहुंची भूली-भटकी विवाहिता, मचा हंगामा
मधुबनी, 11 नवंबर। मधुबनी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक भूली-भटकी विवाहिता अचानक स्टेशन पर पहुंचकर हंगामा करने लगी। महिला अपने पति का नाम राजकुमार महतो बता रही है, लेकिन वह अपने घर या गांव का पता नहीं बता पा रही है।
विवाहिता ने आपबीती सुनाते हुए अपने पति पर जानलेवा हमला करने और नशीली दवा खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसके पति ने जान से मारने की नीयत से कुदाल उठाई थी और उसे जबरन कोई नशीली दवा खिला दी थी। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागी और ट्रेन पकड़कर मधुबनी पहुंच गई, लेकिन सदमे और डर के कारण उसे अपने गांव का नाम याद नहीं आ रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर समस्तीपुर रेलवे डिवीजन के DRUCC सदस्य सुनील चौधरी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाहिता को अपने संरक्षण में ले लिया है और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
सुनील चौधरी ने स्थानीय RPF और GRP पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले को तुरंत संज्ञान में नहीं लिया, जिसके कारण उन्हें खुद समस्तीपुर से मधुबनी आना पड़ा। उन्होंने स्टेशन मास्टर से भी इस विषय पर बातचीत की है।
वहीं, स्टेशन पर मौजूद कई लोगों का कहना है कि महिला मानसिक रूप से कुछ कमजोर प्रतीत हो रही है। फिलहाल, पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जांच-पड़ताल और परिजनों से संपर्क साधने की कोशिशें जारी हैं, ताकि महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया जा सके।



