
BIHAR:- शिक्षा विभाग ने छह जिलों में बदले DEO, पटना समेत कई जिलों में नई प्रतिनियुक्ति
पटना, 07 नवंबर। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग ने बिहार शिक्षा सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के 6 पदाधिकारियों को अगले आदेश तक विभिन्न जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के पद पर प्रतिनियुक्त किया है।
इस संबंध में निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिनियुक्ति कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से की गई है। इस पर सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त है।
सीतामढ़ी के DEO रहे राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी को अब सिवान का DEO बनाया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना में उप सचिव के पद पर कार्यरत मुकेश कुमार को भागलपुर का DEO बनाया गया है।
बिहार मुक्त विद्यालयीय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड, पटना में कार्यरत दिनेश कुमार पासवान को सीतामढ़ी का DEO बनाया गया है। मुख्यालय में उपनिदेशक (प्राथमिक शिक्षा) के पद पर कार्यरत प्रफुल्ल कुमार मिश्रा को पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी का DEO बनाया गया है।
मुख्यालय में सहायक निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) के पद पर कार्यरत सुभाष कुमार को नवादा का DEO बनाया गया है। मुख्यालय में अवकाश रक्षित पदाधिकारी के पद पर कार्यरत सरस्वती कुमारी को पटना का DEO बनाया गया है।
विभाग ने आदेश की प्रति सभी संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारी, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, कोषागार पदाधिकारी और संबंधित पदाधिकारियों को भेज दी है।



