
MADHUBANI:- छठ पूजा पर चकदह गुलटेनी पोखर पर अतिक्रमण का कब्जा, सफाई शुरू नहीं, वार्ड 21 में लोगों में नाराजगी
मधुबनी- 07 नवंबर। लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक आ गया है, लेकिन नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर पर अतिक्रमण अब तक नहीं हटाया गया है। अतिक्रमण के कारण ही पोखर की साफ-सफाई भी शुरू नहीं हो सकी है। इसे लेकर छठ व्रती और स्थानीय लोग काफी नाराज हैं।
चकदह गुलटेनी पोखर वार्ड 21 सहित आसपास के कई मोहल्लों के लिए छठ का मुख्य घाट है। हर साल यहां सैकड़ों व्रती डूबते सूर्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। लेकिन इस बार छठ से कुछ दिन पहले भी पोखर अतिक्रमण की चपेट में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखर के चारों तरफ अतिक्रमण कर लिया गया है। घाट तक पहुंचने का रास्ता तक सिकुड़ गया है। अतिक्रमण के कारण ही पोखर में जलकुंभी और गंदगी पड़ी है। घाट के आसपास भी सफाई नहीं हुई है।
लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने के लिए कोई टीम नहीं आई। अगर दो-तीन दिन में अतिक्रमण नहीं हटा और सफाई नहीं हुई तो व्रतियों को गंदे पानी और तंग घाट पर ही अर्घ्य देना पड़ेगा। पोखर घाट पर गंदगी और अतिक्रमण से छठ पूजा करना मुश्किल होने लगा है। इसी कारण कई लोग दूसरे पोखर पर जाने को मजबूर हो रहे हैं।
स्थानीय मिहिर झा, सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अविलंब पोखर से अतिक्रमण हटाया जाए, जलकुंभी हटाने, घाट की धुलाई और लाइट की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि छठ जैसे पावन पर्व पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते अतिक्रमण नहीं हटा और सफाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।



