
बिहार के दिग्गज कारोबारी और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, नोएडा आवास पर ली अंतिम सांस
पटना/नोएडा, 30 अक्टूबर। बिहार के दिग्गज कारोबारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा का निधन हो गया है। उन्होंने 30 अक्टूबर को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे 75 वर्ष के थे। उनके निधन की पुष्टि परिवार ने की है।
परिवार ने बताया कि उन्हें सभी प्यार से ‘बड़े साहब’ कहते थे। पिछले साल जनवरी 2025 में ब्रेन हैमरेज के बाद से वे गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और लंबे समय तक कोमा में रहने के बाद आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना लाया जाएगा। इसे पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में रखा जाएगा, जहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद पैतृक गांव बक्सर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आरके सिन्हा का जन्म 22 सितंबर 1951 को हुआ था। वे भारतीय जनसंघ और भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से थे। 2014 से 2020 तक वे बिहार से राज्यसभा सांसद रहे।
पत्रकारिता से करियर शुरू करने वाले आरके सिन्हा ने 1974 में Security and Intelligence Services (SIS) की स्थापना की थी। 250 रुपये की नौकरी से शुरू किया गया यह कारोबार आज 16 हजार करोड़ की कंपनी बन चुकी है। SIS देश की सबसे बड़ी निजी सुरक्षा सेवा कंपनियों में से एक है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई नेताओं ने शोक जताया है। सीएम ने कहा कि यह राजनीतिक और सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।



